घर में वास्तु दोष होने पर परिवार के सदस्यों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। आर्थिक तंगी से लेकर घरेलू झगड़ों तक की स्थिति बन जाती है। कई बार वास्तु दोष के कारण घर में धन का प्रवेश रुक जाता है और साथ ही अशांति का माहौल बनने लगता है। वास्तु शास्त्र में ऐसे कई उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर व्यक्ति सुखी और संपन्न जीवन जी सकता है। अगर आप भी पैसों की कमी और कलह-क्लेश से परेशान हैं, तो आज ही अपने घर में कुछ छोटे बदलाव करके देखें।
दरवाजे के पीछे न टांगें कपड़े
ज्यादातर घरों में दरवाजे के पीछे ढेर सारे कपड़े लटके रहते हैं। अगर आपके घर में भी ऐसा है, तो इन्हें तुरंत हटा दें। वास्तु शास्त्र के अनुसार, दरवाजे के पीछे कपड़े लटकाने से दरवाजा ठीक से नहीं खुल पाता, जिससे वास्तु दोष पैदा होता है। इसके चलते धन के आगमन में रुकावटें आती हैं और फिजूलखर्ची भी बढ़ जाती है। गीले तौलिए को भी दरवाजे के पीछे टांगने से बचें, क्योंकि यह आदत घर में आर्थिक नुकसान का कारण बनती है।
मुख्य द्वार को रखें साफ-सुथरा
वास्तु के मुताबिक, मुख्य द्वार वही स्थान है जहां से मां लक्ष्मी घर में प्रवेश करती हैं। इसलिए घर के मुख्य द्वार को हमेशा स्वच्छ रखें। इसके पास जूते-चप्पल बिखरे न रहने दें, बल्कि इन्हें शू रैक में व्यवस्थित ढंग से रखें। साथ ही शाम के समय यानी सूर्यास्त के बाद मुख्य द्वार के पास दीया जलाएं। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सुख-समृद्धि एवं संपन्नता बनी रहती है।
बंद या खराब घड़ियों को न रखें
बहुत से लोग बंद और खराब घड़ियों को संभालकर रखते हैं या उन पर ध्यान नहीं देते। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में रखी बंद घड़ियां सदस्यों की तरक्की पर रोक लगा देती हैं और अच्छे समय को भी आने नहीं देतीं। इसलिए अगर घर में कोई बंद घड़ी है, तो उसे तुरंत ठीक करवा लें।
https://www.indiatv.in/religion/news-vastu-tips-for-wealth-how-a-small-change-in-your-house-can-remove-negativity-and-financial-problems-2026-06-03-1222855