देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक हीरो ने उतारी, जानें कीमत और हर जरूरी जानकारी

हीरो मोटोकॉर्प ने फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाली स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डिलक्स लॉन्च कर दी हैं। इनकी बिक्री जुलाई 2026 में दिल्ली और महाराष्ट्र के चुनिंदा इलाकों से शुरू होगी।

हीरो मोटोकॉर्प ने देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिलें पेश कर दी हैं। बुधवार को कंपनी ने स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डिलक्स के फ्लेक्स फ्यूल वर्जन लॉन्च किए। खास बात यह है कि ये दोनों बाइकें 85 प्रतिशत एथनॉल पर भी सामान्य मोटरसाइकिलों की तरह उतनी ही सहजता से दौड़ सकती हैं। उल्लेखनीय है कि फ्लेक्स फ्यूल में आमतौर पर 85 प्रतिशत एथनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है।

कितनी होगी इन फ्लेक्स फ्यूल बाइकों की कीमत

कंपनी ने एक बयान में बताया कि एचएफ डिलक्स फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल की कीमत 72,792 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) रखी गई है, वहीं फ्लेक्स फ्यूल वाली स्प्लेंडर प्लस की कीमत 82,710 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) तय की गई है। बयान के अनुसार इन मोटरसाइकिलों की बिक्री जुलाई, 2026 में दिल्ली और महाराष्ट्र के कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में शुरू होगी और उसके बाद इन्हें जल्द ही पूरे देश में उतारा जाएगा।

भरोसेमंद प्रदर्शन का दावा

हीरो मोटोकॉर्प का कहना है कि ये नए मॉडल भरोसेमंद प्रदर्शन या किफायती स्वामित्व से समझौता किए बिना ग्राहकों को बेहद व्यावहारिक और सुविधाजनक परिवहन विकल्प देते हैं। कंपनी के मुताबिक रोजमर्रा की यात्रा के दौरान कार्बन उत्सर्जन और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को ये काफी हद तक घटाती हैं और 2030 तक आर्थिक कार्बन तीव्रता को 45 प्रतिशत तक कम करने के भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य में सहायक साबित होती हैं।

गडकरी और पुरी की मौजूदगी में हुआ लॉन्च

हीरो ने इन दोनों मोटरसाइकिलों को विश्व पर्यावरण दिवस से ठीक पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उपस्थिति में लॉन्च किया। इस मौके पर नितिन गडकरी ने कहा, ''भारत वैकल्पिक ईंधन और स्वच्छ परिवहन प्रौद्योगिकियों को अपनाने में तेजी से आगे बढ़ रहा है।''

फिलहाल 20 प्रतिशत मिश्रण वाला पेट्रोल उपलब्ध

गौरतलब है कि सरकार भी पेट्रोल में एथनॉल का अनुपात बढ़ाने पर विचार कर रही है। मौजूदा समय में पूरे देश में 20 प्रतिशत एथनॉल मिले पेट्रोल की बिक्री हो रही है। देश में कारोबार कर रहीं तमाम ऑटो कंपनियां अपने वाहनों में E20 पेट्रोल (20 प्रतिशत एथनॉल मिला पेट्रोल) को सपोर्ट करने वाले इंजन लगाकर बेच रही हैं।

https://www.indiatv.in/paisa/auto/hero-launches-the-country-s-first-flex-fuel-bike-check-prices-and-other-key-details-2026-06-03-1222852