हाथ-कमर में रस्सी बांधी, मिट्टी की बोरी लटकाकर डैम में फेंका शव, भांजी के प्रेमी की मामा ने ली जान

अनूपपुर के भालूमाड़ा में एक युवक की हत्या कर उसके शव को कमर में बोरी बांधकर डैम में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की प्रेमिका का सगा मामा भी शामिल है.

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई और शव को छिपाने के लिए आरोपियों ने पूरी साजिश रची. हालांकि अंत में चारों आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गए और उन्हें अदालत के सामने पेश किया गया है.

पानी में तैरता मिला शव

भालूमाड़ा क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दे रहा है. शव के कमर में रेत से भरी बोरी बंधी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया. मृतक के पिता रंजू सहीस ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया.

तीन-चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

आरोपियों से सख्ती से पूछताछ के दौरान पता चला कि एक आरोपी की सगी भांजी और मृतक सनि सहीस के बीच पिछले तीन से चार सालों से प्रेम संबंध चल रहा था. जब इसकी जानकारी लड़की के मामा और उसके परिजनों को हुई तो दोनों को कई बार समझाया गया, लेकिन सनि नहीं माना. इसके बाद लड़की के मामा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बना डाली.

इस तरह रची गई हत्या की साजिश

लड़की के मामा ने अपने एक साथी, चचेरे भाई और एक पड़ोसी समेत चारों ने मिलकर सनि सहीस की हत्या की योजना बनाई. रात करीब 08.30 बजे आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गए और ग्राम छोहरी की बड़ी पुलिया के पास पहुंचकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के इरादे से उसे मोटरसाइकिल पर लादा और ओसीएम के पोखरी डैम तक ले जाकर पानी में फेंक दिया. शव पानी के भीतर ही रहे, इसके लिए हाथ और कमर में रस्सी बांधकर उसमें बोरा बांध दिया गया.

पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में किया पेश

भालूमाड़ा के थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा गया था, जिसके कमर और हाथ में रस्सी बंधी थी और उसमें बोरा बांधा गया था ताकि शव पानी के अंदर ही रहे. मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. मृतक की पहचान सनि सहीस के रूप में हुई.

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और प्रकरण में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल तथा अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं. सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है.

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/anuppur-ropes-tied-to-her-hands-sack-of-soil-slung-around-waist-crime-committed-by-the-girl-maternal-uncle-local18-10537558.html