पलामू: पीएम आवास योजना से बदली बेघरों की किस्मत, तैयार हुए नए फ्लैट, जल्द होगा आवंटन

मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के अघोर आश्रम परिसर में पीएम आवास योजना (शहरी) के वर्टिकल-3 प्रोजेक्ट के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही चयनित लाभुकों को फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।

अपना घर हर किसी का सपना होता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इसे पूरा कर पाना आसान नहीं रहता। ऐसे ही जरूरतमंद लोगों के लिए मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के सुदना पश्चिमी स्थित अघोर आश्रम परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बन रहा वर्टिकल-3 प्रोजेक्ट उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। यहां निर्माणाधीन ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी का काम लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही लाभुकों को आवास आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी अंतिम चरण में

वर्टिकल-3 परियोजना के नोडल पदाधिकारी एमडी शाहीद हसन ने बताया कि ब्लॉक-बी में पहले ही लाभुकों को फ्लैट दिए जा चुके हैं और कई परिवार वहां रहना भी शुरू कर चुके हैं। वहीं ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी का निर्माण अब अंतिम चरण में है। दोनों ब्लॉकों के फ्लैट लगभग बनकर तैयार हैं और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होते ही चयनित लाभुकों को आवास सौंप दिया जाएगा।

आठ ब्लॉकों में बन रहे 240 फ्लैट

उन्होंने बताया कि वर्टिकल-3 परियोजना के अंतर्गत ब्लॉक ए से लेकर एच तक कुल आठ ब्लॉकों में 240 फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। इनमें ब्लॉक-ए में 16 फ्लैट हैं, जबकि ब्लॉक-बी से ब्लॉक-एच तक प्रत्येक ब्लॉक में 32-32 फ्लैट बनाए गए हैं। इस परियोजना का मुख्य मकसद शहर के कम आय वर्ग और बेघर परिवारों को सुरक्षित तथा सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है।

अंतिम किश्त जमा करने की अपील

एमडी शाहीद हसन के अनुसार नगर निगम सभी 240 आवासों के लिए लाभुकों का चयन कर चुका है। हालांकि अब भी कई लाभुक अपनी अंतिम किश्त की राशि जमा नहीं कर पाए हैं। ऐसे लाभुकों को पहले भी नोटिस भेजा जा चुका है और अब दोबारा भुगतान करने की अपील की जा रही है।

उन्होंने साफ कहा कि तय समय सीमा के भीतर शेष राशि जमा न करने पर संबंधित लाभुकों का आवास आवंटन रद्द किया जा सकता है। उनका कहना है कि लाभुकों द्वारा समय पर भुगतान करने से निर्माण और आवंटन की प्रक्रिया तेज होती है, इसलिए सभी चयनित लोगों से जल्द से जल्द अंतिम किश्त जमा करने का आग्रह किया गया है।

रिक्त फ्लैटों के लिए नए लाभुक

नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जिन लाभुकों का आवंटन रद्द होगा, उनकी जगह खाली हुए फ्लैटों के लिए नए लाभुकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

अंतिम पड़ाव पर पहुंची योजना

नगर निगम की यह महत्वाकांक्षी आवासीय योजना अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी के तैयार होने के साथ ही सैकड़ों लोगों के अपने घर का सपना जल्द हकीकत में बदलने वाला है। इससे न सिर्फ लोगों को सुरक्षित और स्थायी छत मिलेगी, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।

https://hindi.news18.com/news/jharkhand/palamu-pm-awas-yojana-transform-the-landscape-in-palamu-new-flats-ready-allotment-to-begin-soon-local18-10535943.html