पूर्व दिशा की ओर मुंह करके डीके शिवकुमार ने ली CM पद की शपथ, जानें मंच का रुख बदलने की वजह

डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की, जिसके लिए लोक भवन के ग्लास हाउस में खासतौर पर पूर्वी हिस्से में नया मंच तैयार किया गया। उनके साथ जी. परमेश्वर समेत 13 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

कर्नाटक की सत्ता में अब नया चेहरा सामने आ गया है। राज्य की कमान अब डीके शिवकुमार के हाथों में है, जिन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया है। बेंगलुरु के लोक भवन का ग्लास हाउस इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जहां शिवकुमार ने सीएम पद की शपथ ली। उनके साथ वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर समेत 13 अन्य विधायकों ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण समारोह में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मौजूद रहे। इनकी उपस्थिति में डीके शिवकुमार ने अपने गुरु "गंगाधर अज्जा" के नाम पर तथा हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ ली। राजभवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सभी नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उपमुख्यमंत्री बने जी. परमेश्वर ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम पर शपथ ग्रहण की।

पूर्व दिशा की ओर मुंह करके शपथ लेने की वजह

इस समारोह से जुड़ी एक रोचक बात भी सामने आई। लोक भवन के ग्लास हाउस में बना मंच परंपरागत रूप से हमेशा पश्चिम दिशा की ओर रहता है। मगर डीके शिवकुमार पूर्व दिशा की ओर मुंह करके शपथ लेना चाहते थे, इसलिए उनके लिए विशेष रूप से पूर्वी हिस्से में एक नया मंच बनाया गया। दरअसल, शिवकुमार ज्योतिष और ग्रहों की चाल में गहरी आस्था रखते हैं। सूत्रों की मानें तो उन्होंने अपने ज्योतिषी की सलाह पर ही ऐसा किया, ताकि उनका कार्यकाल शुभ और सफल साबित हो।

क्या पहली बार हुआ ऐसा?

इससे पहले इस स्थान पर जितने भी मुख्यमंत्रियों ने शपथ ली, उन सभी का मुख पश्चिम दिशा की ओर ही रहा। यह पहला मौका है जब किसी मुख्यमंत्री ने पूर्व दिशा की ओर मुंह करके शपथ ली है। इसके अलावा डीके शिवकुमार ने हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले 55 धार्मिक गुरुओं को आमंत्रित किया था। उनके बैठने के लिए पुरानी स्टेज यानी पश्चिम दिशा वाले हिस्से पर सोफे समेत खास इंतजाम किए गए थे।

खुली जीप में निकले नए मुख्यमंत्री

शपथ लेने के बाद डीके शिवकुमार लोक भवन से राज्य सचिवालय की ओर एक खुली जीप में रवाना हुए, ताकि बाहर खड़े उनके समर्थक उन्हें आसानी से देख सकें। इस समारोह में शामिल होने के लिए उन्होंने स्वयं कांग्रेस के बड़े नेताओं और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा था।

इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

डीके शिवकुमार और जी. परमेश्वर के अलावा के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, ब्यराथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

https://www.indiatv.in/india/politics/dk-shivakumar-oath-facing-east-side-changed-direction-of-stage-at-lok-bhavan-2026-06-03-1222839