MCX पर चांदी का वायदा भाव धड़ाम
शुक्रवार को Multi Commodity Exchange (MCX) पर चांदी की कीमत में जोरदार गिरावट देखी गई। जुलाई डिलीवरी के लिए सिल्वर का वायदा भाव 8,766 रुपये यानी 4 फीसदी की गिरावट के साथ 2,28,806 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इस कारोबारी सत्र में 11,080 लॉट का लेनदेन हुआ। US-Iran शांति वार्ता टूटने और ग्लोबल मार्केट में जारी बिकवाली के चलते निवेशकों ने कीमती धातुओं को बेचना शुरू कर दिया।
दो दिन में 23 हजार रुपये से ज्यादा की चोट
गुरुवार के सत्र में भी चांदी बुरी तरह टूटी थी। तब वायदा भाव 14,235 रुपये यानी 5.7 फीसदी गिरकर 2.37 लाख रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था, जबकि बुधवार को यही कीमत 2.51 लाख रुपये प्रति किलो थी। इस तरह सिर्फ दो दिनों में चांदी के दाम 23 हजार रुपये से भी ज्यादा गिर गए।
रिकॉर्ड से आधी रह गई चांदी
इस साल की शुरुआत में चांदी का भाव 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से भी ऊपर चला गया था। अब यह उस रिकॉर्ड स्तर से करीब आधा रह गया है। Morgan Stanley ने भले ही सोने की कीमत में 40 फीसदी उछाल का अनुमान लगाया हो, लेकिन चांदी की चमक फिलहाल फीकी पड़ती दिख रही है। MCX पर सिल्वर लगातार चौथे सत्र गिरावट में है और लगातार चौथे हफ्ते भी नुकसान में बंद होने की राह पर है।
US-Iran वार्ता टूटने से बाजार में घबराहट
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि US-Iran शांति प्रक्रिया को लेकर उम्मीदें अचानक कमजोर पड़ गईं। Switzerland में होने वाली उच्च स्तरीय वार्ता रद्द हो गई और अमेरिका के उपराष्ट्रपति JD Vance ने अपनी Switzerland यात्रा स्थगित कर दी। कोई ईरानी प्रतिनिधिमंडल भी तय नहीं हो सका, जिसके चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल आपूर्ति की टाइमलाइन पर नए सवाल खड़े हो गए।
मजबूत रुपये ने बिकवाली को और हवा दी
Choice Broking की कमोडिटी एनालिस्ट Kaveri More ने कहा कि रुपया डॉलर के मुकाबले छह हफ्ते की ऊंचाई पर पहुंच गया, जिसने बिकवाली को और बल दिया। इसके अलावा इजरायल के लेबनान में नए हमलों ने US-Iran समझौते के बावजूद भू-राजनीतिक अनिश्चितता बनाए रखी।
ग्लोबल मार्केट में भी चांदी दबाव में
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी को झटका लगा। सिल्वर फ्यूचर का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 2.85 डॉलर यानी करीब 4.3 फीसदी की गिरावट के साथ 63.46 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। विश्लेषकों का मानना है कि बुलियन की कीमतें अभी और अस्थिर रह सकती हैं, क्योंकि निवेशक पश्चिम एशिया की घटनाओं, ग्लोबल ब्याज दरों और आर्थिक विकास के आउटलुक पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।
https://hindi.news18.com/news/business/latest-silver-future-rate-down-by-rs-23000-in-2-session-check-latest-price-10584587.html