उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को एक और अहम कामयाबी हाथ लगी है। थाना खोड़ा पुलिस ने इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सारिक मेवाती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बचता आ रहा था और उसे दबोचने के लिए कई टीमें लगाई गई थीं।
कैसे हुई थी वारदात
28 मई 2026 को खोड़ा थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें सूर्या प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
अब तक की कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी असद की पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं आरोपी नवाब, फरहान और आतिफ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में फरार चल रहे सारिक मेवाती पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अंडरपास के पास से धरा गया आरोपी
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना खोड़ा पुलिस ने सारिक मेवाती को इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी खोड़ा कॉलोनी का रहने वाला है और घटना के बाद से लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों असद, फरहान, अतीक और नवाब के साथ मिलकर सूर्या प्रताप पर चाकू से हमला किया था। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ghaziabad-surya-chauhan-murder-case-police-arrested-another-killer-sarik-mewati-near-indirapuram-underpass-10537516.html