इंदौर में राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत करेंगे CM मोहन यादव, NEET री-एग्जाम के लिए कमर कस चुका शहर

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज इंदौर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करेंगे, वहीं 21 जून को होने वाली NEET UG री-एग्जाम के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासन, आस्था और विकास से जुड़ी आज की प्रमुख खबरें एक नजर में। दोनों राज्यों के अहम घटनाक्रम पर डालते हैं विस्तृत नजर।

छत्तीसगढ़ में 13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा सत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा का सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी। विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सत्र में वित्तीय कार्यों के साथ-साथ शासकीय कार्य भी संपन्न कराए जाएंगे। छठवीं विधानसभा के इस दसवें सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का इंदौर दौरा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 9 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी करेंगे। राष्ट्रपति इंदौर एयरपोर्ट से सीधे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी और पांच दिनों तक मध्य प्रदेश में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ लिंबोदी तालाब का निरीक्षण करेंगे। वह खंडवा रोड पर निर्माणाधीन आईटी पार्क के तीसरे फेज का अवलोकन भी करेंगे। ‘स्कूल चले हम’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। दोपहर 12 बजे वह इंदौर एयरपोर्ट से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

NEET UG री-एग्जाम के लिए तैयार इंदौर

NEET UG री-एग्जाम को लेकर इंदौर जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। 21 जून को शहर के 57 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें करीब 23000 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी।

आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो या कोई अन्य जरूरी दस्तावेज भूल जाने की स्थिति में परीक्षार्थियों को तत्काल मदद मिलेगी। हेल्प डेस्क पर आधार सत्यापन और फोटो प्रिंट की सुविधा रहेगी। दूरदराज से आने वाले छात्रों के लिए निःशुल्क पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा, जिसका लाभ परीक्षा केंद्र से लगभग 10 किलोमीटर दूर रहने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने अफवाह फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। शिकायत और जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 109 में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां परीक्षा, परिवहन व्यवस्था और अफवाहों से जुड़ी शिकायतों के लिए संपर्क किया जा सकता है।

उज्जैन में श्रद्धालुओं को दिलाया जा रहा स्वच्छता का संकल्प

धार्मिक नगरी उज्जैन में मां शिप्रा की संध्या आरती अब केवल आस्था का केंद्र नहीं रही, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के सशक्त अभियान का रूप ले चुकी है। रामघाट पर प्रतिदिन होने वाली आरती में श्रद्धालुओं को नदियों और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया जा रहा है। श्री क्षेत्र पंडा समिति की ओर से शुरू किए गए इस अभियान से अब तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालु जुड़ चुके हैं।

महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। इसी के साथ रामघाट पर होने वाली मां शिप्रा की संध्या आरती भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन गई है। आरती के दौरान श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया जाता है कि वे नदियों और तालाबों में कचरा, पूजा सामग्री या अन्य अपशिष्ट नहीं डालेंगे और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करेंगे।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/jabalpur-mp-cg-top-news-today-live-18-june-2026-mohan-yadav-breaking-update-politics-crime-samachar-aaj-ki-taaza-khabarein-local18-10580459.html