हिमाचल प्रदेश में एक और हत्या ने सनसनी फैला दी है। प्रदेश में बीते छह दिन के भीतर यह तीसरा हत्याकांड सामने आया है। शिमला जिले में एक बुजुर्ग महिला की उसके घर में घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला अपने मकान में अकेली रहती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
शलाश डोगरी में मिली बुजुर्ग महिला की लाश
यह वारदात शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र की है। थाना रोहड़ू को सूचना मिली थी कि शलाश डोगरी इलाके में एक वृद्ध महिला अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतका की पहचान शलाश डोगरी निवासी गीता देवी (77) के रूप में हुई।
पति का निधन, दोनों बेटे शहर में
मिली जानकारी के मुताबिक गीता देवी के पति का पहले ही देहांत हो चुका था और वह अकेली ही रहती थीं। उनके दोनों बेटे शहर में रहते हैं। गीता देवी ने करछारी पंचायत के शलाश में अपने मकान के आसपास मौजूद सेब के बगीचे की देखरेख के लिए नेपाली मूल के मजदूर रखे हुए थे, जो पास ही बने शेड में रहते थे।
हालचाल पूछने पहुंचे मजदूरों ने देखा मंजर
बुधवार सुबह मजदूर रोजाना की तरह महिला का हालचाल जानने उनके घर पहुंचे। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद भीतर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद जब वे अंदर गए तो महिला मृत पड़ी मिलीं। गीता देवी के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए, जबकि घर के भीतर सामान बिखरा हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं न कहीं लूटपाट के बाद उनकी हत्या की गई है।
मौके पर पहुंची आरएफएसएल टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरएफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
इस सिलसिले में थाना रोहड़ू में बीएनएस की धारा 103, 331(8), 305, 62 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शिमला के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि विभिन्न पहलुओं से गहराई से जांच की जा रही है और अपराध में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला पुलिस शिमला ने आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल संचालिका की भी हुई थी हत्या
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीते शनिवार को शिमला शहर के संजौली में एक निजी स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा चंबा के चुराह में भी एक चालक की हत्या के बाद उसके शव को नाले में फेंक दिया गया था।
https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/shimla-rohru-elderly-woman-murdered-by-throat-slitting-third-case-in-six-days-in-himachal-local18-ws-l-10580397.html