कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने एक वीडियो साझा करते हुए शुभेंदु अधिकारी पर तीखा हमला बोला है और ममता बनर्जी की सुरक्षा में कटौती किए जाने को लेकर सीधा सवाल खड़ा किया है।
पूरा मामला क्या है?
पार्टी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "राजनीतिक प्रतिशोध की एक चौंकाने वाली नई निम्नतम अवस्था। शुभेंदु, आखिर तुम क्या साजिश रच रहे हो? ममता की सुरक्षा में लंबे समय से तैनात सुरक्षाकर्मियों को हटाना प्रशासनिक कार्रवाई नहीं है, बल्कि उन्हें अलग-थलग करने और खतरे में डालने की एक सोची-समझी चाल है।"
तृणमूल ने आगे कहा, "प्रतिशोध की राजनीति के प्रति तुम्हारा जुनून और असुरक्षा से प्रेरित सत्ता का दुरुपयोग तुम्हारे असली चरित्र को उजागर करता है। अगर छोटी राजनीति का कोई चेहरा होता, तो वह निस्संदेह तुम्हारा ही होता!"
डेरेक ओब्रायन का दावा
टीएमसी नेता डेरेक ओब्रायन ने एक्स पर लिखा, "अभी हो रहा है। आज रात 9.30 बजे। ममता बनर्जी के साथ 20 साल से काम कर रहे PSO को कोलकाता में उनके घर से हटा दिया गया है। वह अंदर हैं। मैंने अपनी कार से एंट्री ब्लॉक कर दी है। कोई सिक्योरिटी नहीं है। यह वीडियो शूट किया है।"
हाल ही में ममता ने सरकार के खिलाफ किया था प्रदर्शन
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, "हमारी माननीय चेयरपर्सन ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर, पूरे बंगाल में हॉकरों को गैर-कानूनी, अन्यायपूर्ण और बेहद अमानवीय तरीके से हटाए जाने के खिलाफ एक शांतिपूर्ण विरोध मार्च का नेतृत्व किया। बंगाल के लोग हमेशा सबसे पहले रहे हैं। उनके सम्मान, आजीविका और अधिकारों की रक्षा अटूट संकल्प के साथ की जाएगी, और इस लड़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सिर्फ सत्ता के लालच और आम नागरिकों की पूरी तरह अनदेखी करने वाली बेरहम बीजेपी की बंगाल सरकार जल्द ही अपनी ही जन-विरोधी नीतियों के बोझ तले गिर जाएगी!"
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर लगातार बिखराव की स्थिति बनी हुई है। पार्टी में टूट जारी है और बड़ी संख्या में नेता ममता बनर्जी के खिलाफ खड़े होते दिख रहे हैं। एक दौर था जब बंगाल में ममता बनर्जी का दबदबा कायम था, लेकिन आज वह बेबस नजर आ रही हैं, क्योंकि उन्हीं की पार्टी के भीतर उनके विरोध में एक बड़ा धड़ा खड़ा हो गया है, जिसने पूरे संगठन को बिखेर कर रख दिया है।
https://www.indiatv.in/west-bengal/tmc-targeted-suvendu-adhikari-raised-the-issue-of-mamata-security-and-asked-what-kind-of-conspiracy-are-you-hatching-2026-06-17-1225789