घर पर पूरियां बनाते ही वे फूली-फूली दिखती हैं, लेकिन कुछ ही देर में पिचक जाती हैं। यह एक आम परेशानी है, जिससे ज्यादातर लोग जूझते हैं। वहीं शादी-ब्याह और हलवाई के हाथ की बनी पूरियां कई घंटों तक फूली, खस्ता और स्वादिष्ट बनी रहती हैं। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि हलवाई ऐसा क्या करते हैं कि उनकी पूरियां ठंडी होने के बाद भी नरम और फूली रहती हैं, तो रसोई से जुड़े कुछ आसान नुस्खे आपके बहुत काम आ सकते हैं।
सही आटा है सबसे बड़ा राज
परफेक्ट पूरियों की नींव सही तरीके से गूंथे गए आटे से ही पड़ती है। पूरियों का आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए। अगर आटा जरूरत से ज्यादा नरम होगा तो पूरियां तेल अधिक सोखती हैं और जल्दी पिचक जाती हैं।
आटा गूंथते समय उसमें एक या दो चम्मच सूजी मिला देना फायदेमंद रहता है। इससे पूरियों में हल्का खस्तापन आता है और वे लंबे समय तक अपनी बनावट बनाए रखती हैं।
आटा गूंथने का सही समय
कई लोग पूरियों का आटा घंटों पहले गूंथकर रख देते हैं, जिससे आटा ढीला पड़ जाता है और पूरियां मनमुताबिक नहीं बनतीं। बेहतर नतीजे के लिए आटा गूंथने के 15 से 20 मिनट बाद ही पूरियां बेलना शुरू करें। इससे उनकी बनावट और बेहतर बनी रहती है।
बेलते समय इन बातों का रखें ध्यान
पूरी न तो बहुत मोटी होनी चाहिए और न ही बहुत पतली। बहुत पतली पूरी को फूलने में दिक्कत होती है, जबकि ज्यादा मोटी पूरी अंदर से कच्ची रह सकती है। कोशिश करें कि सभी पूरियों का आकार और मोटाई लगभग एक जैसी रहे, ताकि तलते वक्त वे एक समान रूप से फूलें।
तेल का तापमान सबसे अहम
फूली हुई पूरियों का सबसे बड़ा रहस्य तेल का सही तापमान है। अगर तेल पर्याप्त गर्म नहीं होगा तो पूरी तेल सोखने लगेगी और ठीक से नहीं फूलेगी। तेल इतना गर्म होना चाहिए कि पूरी डालते ही वह तुरंत ऊपर आ जाए। हालांकि तेल जरूरत से ज्यादा गर्म भी नहीं होना चाहिए, वरना पूरी बाहर से जल जाएगी और अंदर से कच्ची रह जाएगी।
तलते समय अपनाएं यह तरीका
जैसे ही पूरी तेल में डालें, कलछी की मदद से उसे हल्के हाथों से दबाएं। ऐसा करने से गर्म तेल पूरी के ऊपरी हिस्से तक पहुंचता है और पूरी तेजी से फूलने लगती है। जब पूरी पूरी तरह फूल जाए तो उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी सुनहरा होने तक तल लें।
खस्तापन बढ़ाने का खास नुस्खा
कई हलवाई पूरियों के आटे में थोड़ी सूजी या एक चम्मच गर्म तेल मिला देते हैं। इससे पूरियां ज्यादा खस्ता बनती हैं और देर तक कुरकुरी बनी रहती हैं। इन छोटी-छोटी बातों को अपनाकर आपकी पूरियां ठंडी होने के बाद भी कई घंटों तक फूली रह सकती हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-secret-to-wedding-style-puffy-puris-that-stay-fluffy-for-hours-aate-ki-fuli-fuli-puri-kaise-banaen-10580085.html