महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम के लिए राहत और चिंता एक साथ आ गई। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए ‘ग्रुप ए’ मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को तो हरा दिया, लेकिन ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल के दाहिने टखने में मोच आ जाने से टीम का माहौल कुछ बोझिल हो गया। चोट के बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।
कैसे लगी श्रेयंका को चोट
यह घटना नीदरलैंड की पारी के छठे ओवर की पहली ही गेंद पर घटी। श्रेयंका मिड-ऑन की दिशा में गेंद का पीछा कर रही थीं, तभी उनके दाहिने टखने में मोच आ गई और वह मैदान पर गिर पड़ीं। उन्होंने तुरंत अपने टखने को पकड़ लिया और दर्द से कराहने लगीं। हालत देखकर बाकी खिलाड़ी फौरन उनकी मदद के लिए दौड़ीं।
मैदान पर ही हुई जांच
स्ट्रेचर पर ले जाने से पहले भारतीय टीम के मेडिकल स्टाफ ने मैदान पर ही श्रेयंका की जांच की। इस दौरान वह काफी तकलीफ में नजर आईं और उन्होंने अपना चेहरा ढक रखा था। चोट गंभीर इसलिए मानी जा रही है, क्योंकि जब उन्होंने उठने की कोशिश की तो वह चोटिल टखने पर बिल्कुल भी वजन नहीं डाल पा रही थीं।
कप्तान के पास नहीं कोई पुख्ता अपडेट
नीदरलैंड पर जीत के बाद जब कप्तान हरमनप्रीत कौर से श्रेयंका की स्थिति को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि अभी उनके पास कोई ठोस जानकारी नहीं है। उनके शब्दों में, ‘मेरे पास फिलहाल कोई सही अपडेट नहीं है।’ चोट कितनी गंभीर है, इसको लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी चोटों से जूझ चुकी हैं श्रेयंका
यह चोट इसलिए भी फिक्र की वजह बनी हुई है, क्योंकि श्रेयंका का अतीत चोटों से भरा रहा है और वह पहले भी कई महीनों तक मैदान से दूर रह चुकी हैं। जुलाई 2024 में श्रीलंका में खेले गए विमेंस टी20 एशिया कप के दौरान उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया था।
https://hindi.news18.com/cricket/harmanpreet-kaur-tension-increased-after-shreyanka-patil-serious-injury-against-netherlands-leave-the-ground-on-stretcher-no-update-on-her-10580122.html