'खतरों के खिलाड़ी 15' का हर स्टंट होगा 100% रियल, रोहित शेट्टी ने बताए कंटेस्टेंट्स की सुरक्षा के नियम

'खतरों के खिलाड़ी 15' के प्रीमियर से पहले रोहित शेट्टी ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें शो के खतरनाक स्टंट्स के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों को दिखाया गया है। फिल्ममेकर खुद स्टंट सेटअप और गाड़ियों की जांच करते नजर आ रहे हैं।

रोहित शेट्टी और उनकी पूरी टीम इन दिनों 'खतरों के खिलाड़ी 15' की रिलीज की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हुई है। प्रीमियर की तारीख का ऐलान करने से ठीक पहले शो के होस्ट ने एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें इस स्टंट-आधारित रियलिटी शो की शूटिंग के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों को बेहद बारीकी से दिखाया गया है। वीडियो के जरिए रोहित ने यह स्पष्ट किया कि स्टंट के समय वे तमाम सेफ्टी रूल्स का पालन करते हैं और कंटेस्टेंट्स की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए हर टास्क से पहले खुद स्टंट सेटअप और गाड़ियों की जांच करते हैं।

हर स्टंट होगा पूरी तरह असली

रोहित शेट्टी ने इस वीडियो को एक दिलचस्प कैप्शन के साथ पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'स्क्रीन पर रोमांच, पर्दे के पीछे सुरक्षा... कोई कंप्यूटर ग्राफिक्स नहीं... कोई स्पेशल FX नहीं... बस रॉ और असली स्टंट... खतरों के खिलाड़ी की दुनिया में आपका स्वागत है।' वीडियो में रोहित स्टंट शुरू करने से पहले एक कार की बारीकी से जांच करते दिखते हैं। इसके बाद वे एक कंटेस्टेंट को भरोसा दिलाते हुए कहते हैं, 'तुम सुरक्षित हो, पूरी तरह सुरक्षित हो।' इस क्लिप के माध्यम से होस्ट ने यह संदेश भी दिया कि शो में दिखाए जाने वाले खतरनाक स्टंट्स को बिना एक्सपर्ट्स की देखरेख के न आजमाया जाए।

कंटेस्टेंट्स को रोहित की खास सलाह

रोहित कंटेस्टेंट को स्टंट से पहले अच्छी तरह वार्म-अप करने की सलाह देते हैं और समझाते हैं कि कार के लैंड होने पर इसका सबसे ज्यादा असर गर्दन और पीठ पर पड़ता है, इसलिए इस दौरान पूरी सतर्कता बरतनी जरूरी है। वीडियो में अविनाश मिश्रा रोहित के निर्देशों को ध्यानपूर्वक सुनते दिखाई देते हैं, जिसके बाद फिल्ममेकर उन्हें स्टीयरिंग व्हील को मजबूती से थामे रखने और टास्क के दौरान कोई भी अनावश्यक हरकत न करने की हिदायत देते हैं।

हर काम से पहले पूरी सावधानी पर जोर देते हुए रोहित कहते हैं, 'हमें पता है कि कार कहां उतरेगी और हमें यह भी पता है कि वह किस रफ्तार से जमीन पर आएगी। रफ्तार उससे ज्यादा नहीं होगी।'

सेफ्टी रूल्स पर रोहित की बात

इसी वीडियो में रोहित शेट्टी आगे शो के एक स्टंट एक्सपर्ट के साथ कार की लैंडिंग से जुड़ी बारीकियों पर चर्चा करते नजर आते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सब कुछ योजना के अनुसार ठीक है या नहीं। रोहित वीडियो में कहते हैं, 'हम स्टंट करने से पहले सुरक्षा के सभी सेफ्टी रूल्स को फॉलो करते हैं। हम इन स्टंट्स के लिए ट्रेंड हैं! ये स्टंट्स एक्सपर्ट्स की देखरेख में किए जाते हैं। इसलिए प्लीज हमारे स्टंट्स को करने की कोशिश न करें।'

https://www.indiatv.in/entertainment/tv/khatron-ke-khiladi-15-rohit-shetty-explains-contestants-safety-measures-disclose-what-happens-before-every-stunt-2026-06-17-1225743