Gold and Silver Price Today: सप्ताह के मध्य में दिल्ली के सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं के दाम तेजी से नीचे आए। बुधवार को सोने की कीमत 4,800 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गई, जबकि चांदी के भाव में 5,300 रुपये की कमी दर्ज की गई। रुपये की मजबूती और वैश्विक स्तर पर सुस्त रुख के कारण कारोबारियों ने सोने-चांदी में खरीदारी से परहेज किया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आंकड़ों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का दाम 4,800 रुपये गिरकर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एक दिन पहले मंगलवार को यह 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी में 5,300 रुपये की तेज गिरावट
सोने की ही तरह चांदी के भाव में भी जोरदार गिरावट देखी गई। बुधवार को चांदी 5,300 रुपये सस्ती होकर 2,55,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि मंगलवार को इसका बंद भाव 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम था। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू मांग लगातार दूसरे दिन कमजोर बनी रही, क्योंकि शेयर बाजार में मजबूती के बीच निवेशक बेहतर रिटर्न की तलाश में थे।
आज क्यों टूटीं सोने की कीमतें
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) सौमिल गांधी के अनुसार, बुधवार को सोने में गिरावट इसलिए आई क्योंकि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मौद्रिक नीति फैसले समेत कई अहम अमेरिकी आर्थिक घटनाक्रमों से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपना लिया।
वैश्विक बाजार में भी हल्की नरमी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 4,327.54 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 69.89 डॉलर प्रति औंस पर रही। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी के मौद्रिक नीति फैसले से पहले हाजिर सोने में स्थिरता बनी हुई है।
शुक्रवार को अमेरिका-ईरान की अहम बैठक
इसके साथ ही बाजार के प्रतिभागी शुक्रवार को प्रस्तावित अमेरिका-ईरान बैठक से जुड़ी हलचल पर भी निगाह बनाए हुए हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि किसी औपचारिक समझौते की दिशा में बढ़ती प्रगति भू-राजनीतिक अनिश्चितता को घटा सकती है, जबकि बातचीत में अड़चनें कीमती धातुओं की मांग को दोबारा बढ़ा सकती हैं।
https://www.indiatv.in/paisa/business/gold-prices-drop-by-rs-4-800-in-one-go-silver-prices-also-see-a-sharp-decline-check-today-s-latest-rates-2026-06-17-1225728