मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब तस्करों ने अपने काले कारोबार के लिए सीधे एक सरकारी अस्पताल को ठिकाना बना लिया. मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल के सुपरस्पेशलिटी विंग की पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी की जांच की, तो वहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई.
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
संयोगितागंज के एसीपी तुषार सिंह के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अस्पताल परिसर में खड़ी एक गाड़ी के जरिए अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है. इसके बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली. जांच के दौरान गाड़ी से लगभग 4.5 लाख रुपए कीमत की 144 लीटर अवैध देसी शराब जब्त कर ली गई. बताया जा रहा है कि वाहन के भीतर शराब के 16 क्रेट रखे हुए थे.
मालिक का पता पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं
शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद गार्डों और अन्य लोगों से चार-पहिया वाहन के मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी इस बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दी. एसीपी की ओर से बताया गया कि गाड़ी से करीब 144 लीटर शराब मिली है, जिसकी कुल कीमत 4.5 लाख रुपए आंकी गई है. फिलहाल वाहन को जब्त कर लिया गया है.
गाड़ी से मिले पैन कार्ड और लाइसेंस ने खोला सुराग
तलाशी के दौरान गाड़ी से एक पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुआ है. इन दस्तावेजों के आधार पर बताया जा रहा है कि यह वाहन पीथमपुर निवासी रोहित पवार (22) नाम के एक युवक का है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इस सिलसिले में कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
अब सबकी निगाहें इस सवाल पर टिकी हैं कि क्या यह शराब अस्पताल के भीतर तक पहुंचाई जा रही थी या फिर वहां से बाहर सप्लाई की जा रही थी.
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/indore-vehicle-parked-outside-hospital-police-raid-144-litres-illegal-liquor-seized-local18-10537301.html