उत्तर प्रदेश के आगरा में इंजीनियरिंग के छात्रों ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक अनोखी पहल करते हुए ऐसा स्मार्ट हेलमेट तैयार किया है, जो दुर्घटनाओं और शराब पीकर गाड़ी चलाने जैसी समस्याओं पर लगाम लगा सकता है। आगरा कॉलेज के इंजीनियरिंग विभाग के बीटेक फाइनल ईयर के छात्र यश उप्रेती, आयुष शर्मा और संजना चौहान ने मिलकर करीब 4 महीने की मेहनत के बाद इसे बनाया है। छात्रों ने इस हेलमेट को 'ब्लेक नोयर द स्मार्ट हेलमेट' नाम दिया है।
हेलमेट की चार बड़ी खूबियां
छात्र यश उप्रेती के मुताबिक इस स्मार्ट हेलमेट में चार खास विशेषताएं रखी गई हैं। सबसे पहली यह कि जब तक चालक हेलमेट नहीं पहनेगा, तब तक बाइक स्टार्ट ही नहीं होगी। दूसरी खूबी इसमें लगा अल्कोहल डिटेक्शन सिस्टम है, जिसके चलते शराब पीकर बाइक चलाने वाला व्यक्ति गाड़ी को चालू ही नहीं कर पाएगा।
यश ने बताया कि हेलमेट में एक खास सेंसर भी लगाया गया है, जो सड़क हादसा होते ही तुरंत चालक की लोकेशन उसके परिजनों तक पहुंचा देगा। इसके अलावा इसमें हैंड्स फ्री कॉलिंग की सुविधा भी दी गई है, जिससे बाइक सवार बिना फोन उठाए ही आसानी से बातचीत कर सकता है।
फरवरी में शुरुआत, मई में बनकर तैयार
छात्रों ने इस स्मार्ट हेलमेट को बीटेक फाइनल ईयर के प्रोजेक्ट के रूप में बनाया है। यश के अनुसार इस पर काम फरवरी 2026 में शुरू हुआ था और मई 2026 में यह पूरी तरह बनकर तैयार हो गया। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट में उनके साथी आयुष शर्मा और संजना चौहान ने पूरा सहयोग दिया।
लागत और कीमत
छात्रों के मुताबिक फिलहाल इस हेलमेट को बनाने में करीब 8 हजार रुपए का खर्च आया है। यदि इसे बड़े पैमाने पर तैयार किया जाए, तो इसकी कीमत करीब 4 से 5 हजार रुपए तक रह सकती है। छात्रों का मानना है कि बढ़ते सड़क हादसों और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों को देखते हुए यह हेलमेट बेहद कारगर साबित हो सकता है। हादसे की स्थिति में घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज मिल सकेगा, जिससे उसकी जान बचाई जा सकती है।
प्रोफेसर ने जताया गर्व
आगरा कॉलेज के इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर ने बताया कि उनके छात्रों ने बेहद खास तरीके से यह स्मार्ट हेलमेट बनाया है। उन्होंने दावा किया कि भारत में पहली बार इस तरह का आइडिया सामने आया है। उनके अनुसार यह हेलमेट शराब का पता लगाता है, हादसा होने पर परिजनों को लाइव लोकेशन के साथ इमरजेंसी मैसेज भेजता है और बिना पहने बाइक स्टार्ट नहीं होने देता।
प्रोफेसर ने कहा कि अब तक शायद ही ऐसा कोई हेलमेट बना हो। उनका मानना है कि यह हेलमेट बाजार में आने के बाद इलाज के अभाव में सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों के आंकड़ों में बड़ी गिरावट लाएगा और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले भी घटेंगे। उन्होंने छात्रों के इस आइडिया की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र उनके कॉलेज में पढ़ रहे हैं।
https://hindi.news18.com/photogallery/uttar-pradesh/agra-college-smart-helmet-alcohol-detection-accident-alert-bike-safety-innovation-local18-10579748.html