गुजरात: वडोदरा में 'आप' के शहर अध्यक्ष अशोक ओझा गिरफ्तार, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के संगीन इल्जाम

वडोदरा में आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष अशोक ओझा को दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता ने ओझा के साथ-साथ उसके बेटे, पत्नी और बेटी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है।

वडोदरा: गुजरात के वडोदरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष अशोक ओझा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

आखिर क्या है पूरा मामला

वडोदरा शहर के कपूराई पुलिस थाने में दर्ज की गई दुष्कर्म की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 'आप' के वडोदरा शहर अध्यक्ष अशोक ओझा को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने पीड़िता को पार्टी में अच्छा पद दिलाने और उसके पति को नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया।

शिकायत में कहा गया है कि अशोक ओझा पीड़िता को शहर के अलग-अलग होटलों और दूसरी जगहों पर ले जाता था तथा उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देता रहता था। जांच के दौरान इस पूरे प्रकरण में आरोपी के बेटे आनंद ओझा समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी उजागर हुई है। पुलिस ने मामले में आगे की पड़ताल शुरू कर दी है।

मुंबई और वैष्णोदेवी तक पीछा करने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला को हरणी क्षेत्र के एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी कहना है कि अशोक ओझा मुंबई और वैष्णोदेवी तक उसका पीछा करता रहा। महिला ने इस मामले में अशोक ओझा के अलावा उसके बेटे, पत्नी और बेटी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने क्या कहा

मामले की जानकारी देते हुए ACP ई डिवीजन जी डी पलसाणा ने बताया कि कपुराई पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी अशोक ओझा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में नामजद बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

सियासी गलियारों में हलचल

इस मामले के उजागर होते ही वडोदरा में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। राजनीतिक हलकों में भी यह खबर सुर्खियों में है और प्रकरण सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी की छवि को धक्का लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नेता ही शोषण पर उतर आएंगे, तो आम जनता आखिर किसके पास जाएगी।

हालांकि सच और झूठ का फैसला तो आखिरकार अदालत ही करेगी, लेकिन इतना तय है कि इस मामले के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी की साख पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।

https://www.indiatv.in/gujarat/gujarat-vadodara-aam-aadmi-party-city-president-arrested-on-charges-of-rape-and-blackmailing-2026-06-03-1222811