राजस्थान: चाय पर बुलाकर 70 वर्षीय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या, जेवर लूटने को शव के किए कई टुकड़े

टोंक जिले में जेवरों के लालच में 58 वर्षीय महिला ने 70 साल की बुजुर्ग को चाय के बहाने घर बुलाकर कुल्हाड़ी से मार डाला और शव के टुकड़े कर बोरियों में भरकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया है।

टोंक: राजस्थान के टोंक जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 58 साल की एक महिला ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चाय पीने के बहाने अपने घर बुलाया और मौका देखकर कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव के कई टुकड़े किए और उन्हें बोरी में भरकर फेंक दिया। यह घटना 11 जून की रात की बताई जा रही है, लेकिन इसका पर्दाफाश अब हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

टोंक जिले के मेहंदवास थाना क्षेत्र के लवादर गांव में 11 जून की रात 70 वर्षीय हरबाई गुर्जर के शव के टुकड़े अलग-अलग कट्टों में भरकर फेंके हुए मिले थे। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और काफी मशक्कत के बाद आखिरकार यह गुत्थी सुलझ गई कि इस वारदात के पीछे आखिर कौन था।

जेवरों के लालच में रची साजिश

पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका हरबाई गुर्जर लवादर गांव में अपनी चद्दर-पोस झोपड़ी में अकेली रहती थी। वह अक्सर रात गुजारने के लिए किसी पड़ोसी के घर चली जाती थी। इसी दौरान गांव की रहने वाली 58 वर्षीय रसाल देवी वैष्णव की नजर उसके जेवरों पर पड़ी। आरोपी ने 9 जून की दोपहर हरबाई गुर्जर को चाय के लिए अपने घर बुलाया और फिर मौका पाते ही उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

इतना ही नहीं, हाथों में पहने चांदी के कड़े और पैरों की कड़ियां निकालने के लिए आरोपी ने कुल्हाड़ी से शरीर के अंगों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद रसाल ने शव को अलग-अलग कट्टों और बोरियों में भरकर कचरा डालने वाली रेवड़ियों में फेंक दिया।

कई राज्यों तक फैली जांच

इस वारदात की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस को टोंक जिले ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों की खाक छाननी पड़ी। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने टोंक, बूंदी, जयपुर से लेकर गुजरात तक जांच का दायरा बढ़ाया। जिन मोबाइल फोनों के जरिए घटनास्थल की ओर लोगों की आवाजाही दर्ज हुई थी, उन्हें चिह्नित कर पूछताछ की गई।

आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद

इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और लूटे गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ जारी है।

https://www.indiatv.in/rajasthan/rajasthan-58-year-old-woman-invited-70-year-old-woman-home-for-tea-hacked-her-body-into-pieces-with-an-axe-then-looted-her-jewelry-2026-06-17-1225738