महाराष्ट्र में स्कूल बस का सफर हुआ महंगा, शुल्क में 15 प्रतिशत की वृद्धि

महाराष्ट्र के अभिभावकों को नए शैक्षणिक वर्ष से बच्चों को स्कूल बस से भेजने पर ज्यादा खर्च करना होगा। जून 2026 से स्कूल बस शुल्क में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू होगी।

महाराष्ट्र के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता के लिए यह एक अहम जानकारी है। नया स्कूल सत्र शुरू होते ही बच्चों को बस से भेजना पहले की तुलना में महंगा साबित होगा। राज्य के स्कूल बस ऑनर्स एसोसिएशन ने घोषणा की है कि जून 2026 से बस शुल्क में 15 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। यह बढ़ी हुई दर शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से प्रभावी होगी।

शुल्क बढ़ाने के पीछे की वजह

एसोसिएशन के अनुसार यह कदम लगातार बढ़ती महंगाई के कारण उठाया गया है। डीजल की कीमतों में निरंतर इजाफा हो रहा है, जिसका सीधा असर परिचालन लागत पर पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि डीजल के दाम, कर्मचारियों के वेतन, वाहनों के रखरखाव, बीमा, टोल तथा अन्य संचालन खर्चों में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

सरकार से राहत न मिलने का आरोप

बस संचालकों के संगठन का कहना है कि वे खुद शुल्क बढ़ाने के पक्ष में नहीं थे। उनके अनुसार, शुल्क वृद्धि को टालने के लिए सरकार से कई बार अनुरोध किया गया, मगर किसी प्रकार की मदद या राहत नहीं मिली। यही कारण रहा कि उन्हें मजबूरी में यह निर्णय लेना पड़ा। संगठन ने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए सरकार से इस समस्या पर तत्काल समाधान निकालने का आग्रह किया है।

https://www.indiatv.in/maharashtra/school-bus-fees-in-maharashtra-have-now-increased-by-15-percent-2026-06-03-1222810