सहारनपुर के लोगों को बरसों से चली आ रही दमघोंटू जाम की समस्या से अब छुटकारा मिल गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा ढमोला नदी पर तैयार किए गए नए पुल को आखिरकार वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इस पुल के शुरू होने से मंडी रोड, नेहरू मार्केट और बेहट रोड की ओर से आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को अब 'नो-मैन लैंड' बन चुके जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब लोग बिना किसी रुकावट के सीधे घंटाघर और देहरादून रोड की दिशा में अपना सफर चंद मिनटों में पूरा कर सकेंगे।
शहर में लंबे समय से लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ रहा था, लेकिन इस परेशानी से राहत देने के मकसद से विभाग ने नया पुल बनाकर यातायात के लिए चालू कर दिया है। लिंक रोड से डॉ. आंबेडकर चौक की ओर आने वाले मार्ग पर बना ढमोला नदी का यह पुल पूरी तरह तैयार हो चुका है और इस पर वाहनों का आवागमन भी आरंभ हो गया है। इससे स्थानीय निवासियों को जाम से निजात मिलने के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
PWD ने कराया सड़क चौड़ीकरण, अतिक्रमण पर भी कार्रवाई
लोक निर्माण विभाग ने जिला अस्पताल चौक से डॉ. आंबेडकर चौक, लिंक रोड और बेरीबाग होते हुए नवाबगंज चौक तक सड़क का चौड़ीकरण कराया है। इसी मार्ग पर ढमोला नदी पर पहले सिर्फ दो लेन का पुल मौजूद था। वाहनों की भारी आवाजाही के चलते इस पुल पर अक्सर लंबा जाम लग जाता था, वहीं सड़क किनारे फैले भारी अतिक्रमण के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया था, जिससे राहगीर और वाहन चालक खासे परेशान रहते थे।
इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने सड़क के चौड़ीकरण और ढमोला नदी पर एक और दो लेन के नए पुल का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन से मंजूरी मिलने के बाद काम की शुरुआत की गई। अतिक्रमण हटाने के साथ ही सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चलाया गया। चौड़ीकरण का काम करीब एक महीने पहले ही पूरा हो चुका है और अब पुल भी बनकर तैयार हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
हालांकि दोनों ओर के पहुंच मार्ग (अप्रोच रोड) पर डामर की काली सड़क बनना अभी बाकी है, फिर भी लोग अपने वाहन लेकर पुल के ऊपर से गुजरने लगे हैं। इससे यातायात व्यवस्था में काफी हद तक सुधार देखने को मिल रहा है।
1 वर्ष में पूरा हुआ निर्माण, आधे घंटे के जाम से मुक्ति
शहर में लगने वाले इस भारी जाम से लोग लंबे समय से बेहद परेशान थे और ढमोला नदी पर नया पुल बनाने की मांग लगातार उठा रहे थे। जनता की इसी पुरजोर मांग के बाद पुल को प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी और इसका निर्माण लगभग 1 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था। अब यह पुल पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है।
पहले लोगों को घंटाघर होते हुए मार्केट और फिर मार्केट से नवाबगंज चौक तक जाना पड़ता था, यानी शहर के भीतर आना-जाना ही बेहद मुश्किल हो गया था। बेहट रोड जाने के लिए भी कम से कम आधे घंटे के लंबे जाम का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब इस पुल के चालू होने से लोग देहरादून चौक, घंटाघर और नवाबगंज चौक की ओर बिना किसी जाम के आसानी से पहुंच सकेंगे।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/saharanpur-dhamola-river-new-bridge-opens-for-traffic-relief-from-jam-local18-10537194.html