दिल्ली के होटल अग्निकांड में किशनगढ़-अजमेर के एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, इलाकों में शोक की लहर

दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में लगी आग ने राजस्थान के किशनगढ़ और अजमेर से जुड़े परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट एवं होटल में हुए भीषण अग्निकांड ने राजस्थान के किशनगढ़ और अजमेर के कई परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं। इस हृदयविदारक हादसे ने दोनों इलाकों को गहरे शोक में डुबो दिया है।

किशनगढ़ निवासी अशोक पंसारी की मौत

इस दर्दनाक घटना में किशनगढ़ की लक्ष्मीनारायण कॉलोनी के रहने वाले अशोक पंसारी की भी जान चली गई। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती अपने फूफाजी राधेश्याम अग्रवाल का हालचाल जानने पहुंचे थे और परिजनों के साथ इसी होटल में ठहरे हुए थे।

सुबह लगी आग ने नहीं दिया संभलने का मौका

सुबह के समय अचानक भड़की आग इतनी तेज थी कि वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला। इस हादसे में अशोक पंसारी के अलावा उनकी छोटी बुआ कमला देवी और उनके पति की भी मृत्यु हो गई।

राधेश्याम अग्रवाल के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

आग की इस घटना में राधेश्याम अग्रवाल के परिवार को सबसे बड़ी क्षति झेलनी पड़ी। उनकी पत्नी प्रेम, पुत्र विवेक, पुत्रवधु तर्जनी और दोनों बेटियों की मौत हो गई। एक ही परिवार के कुल आठ लोगों की मौत की खबर से किशनगढ़ और अजमेर में मातम पसर गया है।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/ajmer-delhi-malviya-nagar-fire-incident-lemon-green-hotel-fire-kishangarh-ajmer-tragedy-10537216.html