ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) के क्षेत्र में एक अहम कदम बढ़ाते हुए Snap ने अपने नए Specs AR Glasses को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। कंपनी ने इन्हें Augmented World Expo 2026 के मंच पर दुनिया के सामने रखा। खास बात यह है कि ये स्मार्ट चश्मे Snap की नई स्मार्ट वियरेबल्स यूनिट का पहला ऐसा प्रोडक्ट हैं जो सीधे आम उपभोक्ताओं के लिए बनाया गया है। इन ग्लासेस में AI और AR तकनीक का जो मेल देखने को मिलता है, वह आने वाले समय की तकनीक की झलक पेश करता है।
दो साइज़ और प्रिस्क्रिप्शन लेंस का विकल्प
नए Specs AR Glasses दो अलग-अलग आकारों में उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें 47mm वाले मॉडल का वजन 132 ग्राम है, वहीं 52mm मॉडल का वजन 136 ग्राम रखा गया है। जिन यूजर्स को नंबर का चश्मा पहनना पड़ता है, वे जरूरत के मुताबिक इनमें प्रिस्क्रिप्शन लेंस भी लगवा सकते हैं।
डिस्प्ले में दमदार तकनीक
डिस्प्ले के मामले में कंपनी ने अपनी खास लिक्विड क्रिस्टल ऑन सिलिकॉन (LCoS) तकनीक का सहारा लिया है। ये स्मार्ट ग्लास 51 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू और 16 मिलियन कलर को सपोर्ट करते हैं। Snap का दावा है कि किसी काम के दौरान इसका डिस्प्ले 24-इंच के डेस्कटॉप मॉनिटर जैसा अनुभव देता है, जबकि मूवी या वीडियो देखते वक्त यह करीब 115-इंच की वर्चुअल स्क्रीन जैसा एहसास कराता है।
हैंड ट्रैकिंग और इशारों से कंट्रोल
Specs AR Glasses में दो स्नैपड्रैगन प्रोसेसर लगाए गए हैं, जो हैंड ट्रैकिंग समेत कई इंटरैक्टिव फीचर्स को संभालते हैं। यूजर महज हाथों के इशारों से कई काम कर सकेंगे, जिससे इन्हें इस्तेमाल करने का अनुभव और भी आसान और सहज हो जाता है।
रोशनी के हिसाब से बदलते लेंस
इस डिवाइस की एक और खूबी इसके Electrochromic Lenses हैं। ये लेंस आसपास की रोशनी के अनुसार करीब 10 सेकंड में अपना टिंट बदल लेते हैं। इसका मतलब है कि अंधेरे से अचानक तेज रोशनी वाली जगह पर जाने पर भी देखने का अनुभव बेहतर बना रहता है।
AI असिस्टेंट और AR नेविगेशन
AI फीचर्स की बात करें तो इनमें एक AI-पावर्ड वॉइस असिस्टेंट दिया गया है, जो यूजर के आसपास के माहौल को समझकर सवालों के जवाब देने में सक्षम है। इसके साथ ही AR नेविगेशन, स्पेस मेजरमेंट और कंटेंट स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। यूजर अपने सामने मौजूद असल दुनिया पर डिजिटल जानकारी को देख सकते हैं, जिससे रास्ता ढूंढना और दूसरे काम आसान हो जाते हैं।
प्राइवेसी का भी ध्यान
निजता को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने कैमरा इस्तेमाल के दौरान एक LED रिकॉर्डिंग इंडिकेटर भी जोड़ा है, ताकि आसपास के लोगों को यह पता चल सके कि कैमरा चालू है।
कीमत और उपलब्धता
कीमत की बात करें तो Snap Specs AR ग्लासेस की शुरुआती कीमत 2,195 डॉलर (करीब 2.07 लाख रुपये) तय की गई है। फिलहाल इनकी प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो चुकी है और बिक्री अमेरिका, ब्रिटेन तथा फ्रांस में होगी। भारत में इनके लॉन्च को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
https://hindi.news18.com/news/tech/gadgets-snap-specs-ar-glasses-launched-with-ai-assistant-115-inch-virtual-display-price-in-lakhs-10578686.html