बिना तंदूर और ओवन के घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा बटर गार्लिक नान, शेफ ने बताई आसान रेसिपी

ग्रेवी वाली सब्जियों के साथ बटर गार्लिक नान का स्वाद लाजवाब लगता है। सेलिब्रिटी शेफ संज्योत कीर के मुताबिक बिना तंदूर या ओवन के, सिर्फ तवे पर भी रेस्टोरेंट जैसा नरम और स्वादिष्ट नान घर पर तैयार किया जा सकता है।

किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ बटर गार्लिक नान परोसा जाए तो खाने का मज़ा दोगुना हो जाता है। मगर दिक्कत यह है कि रेस्टोरेंट में मिलने वाला नरम टेक्स्चर और बेहतरीन स्वाद घर पर बहुत कम लोग ही ला पाते हैं। अगर आप भी बिना तंदूर या ओवन के रेस्टोरेंट स्टाइल बटर गार्लिक नान बनाना चाहते हैं, तो सेलिब्रिटी शेफ संज्योत कीर की यह रेसिपी आपके बहुत काम आ सकती है।

बटर गार्लिक नान के लिए ज़रूरी सामग्री

आटा तैयार करने के लिए आपको चाहिए होगी ये चीज़ें: आधा कप दूध, आधा कप दही, एक बड़ा चम्मच तेल, कद्दूकस किया हुआ लहसुन, दो चम्मच पिसी हुई चीनी, दो कप मैदा, एक कप गेहूं का आटा, एक छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा, स्वादानुसार नमक, ज़रूरत के अनुसार तेल और ज़रूरत के अनुसार पानी।

आटा गूंथने और तैयार करने का तरीका

  • सबसे पहले एक बाउल में पानी, दूध, दही, तेल और पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें मैदा और गेहूं का आटा मिलाएं और तब तक गूंथें जब तक पूरा आटा एकसार होकर एक साथ न आ जाए।

  • आटा गूंथने के बाद इसे तेल लगी कटोरी में रखें। ऊपर से गीला कपड़ा ढककर इसे 2 घंटे के लिए सेट होने दें। समय हो तो आटे को कुछ घंटे और रखा जा सकता है, इससे नान और बेहतर बनते हैं।

  • तय समय बीतने के बाद आटे को बराबर आकार की लोइयों में बांट लें। इन लोइयों को तेल लगी बेकिंग ट्रे या प्लेट पर रखें और सूखने से बचाने के लिए ऊपर से तेल की कुछ बूंदें डाल दें।

तवे पर नान सेंकने की विधि

  • नान बनाने के लिए ऐसा तवा लें जो नॉन-स्टिक न हो। लोई पर सूखा मैदा लगाएं और बेलन की मदद से उसे थोड़ा मोटा और गोल बेल लें।

  • अब बेली हुई सतह पर लहसुन, कलौंजी और हरा धनिया लगाएं और चपाती की तरह बेल लें। इसके बाद एक तरफ से पकड़कर हल्का खींचें ताकि नान ओवल आकार ले ले। फिर नान को उठाकर उसके पिछले हिस्से पर पानी लगाएं।

  • नान को पानी वाली तरफ से गर्म तवे पर रखें और तेज़ आंच पर 10-15 सेकंड तक, बुलबुले उठने तक पकाएं। इसे तब तक सेंकें जब तक ऊपरी सतह हल्की सुनहरी न हो जाए। बीच-बीच में तवे को आंच पर घुमाते रहें ताकि नान हर तरफ से एक जैसा पके।

  • पक जाने पर स्पैटुला की मदद से नान को तवे से उतारकर चॉपिंग बोर्ड पर रखें और ऊपर से पिघला हुआ मक्खन लगाएं। आपका गरमागरम बटर गार्लिक नान परोसने के लिए तैयार है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/you-can-make-restaurant-style-butter-garlic-naan-without-tandoor-or-oven-know-from-chef-which-ingredients-to-use-2026-06-17-1225636