73 साल की उम्र में भी काले-घने बाल, प्रियंका चोपड़ा की मां ने बताया अपना हेयर केयर राज

प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा ने एक खास घरेलू हेयर मास्क की रेसिपी साझा की है, जिसे लगाकर वे 73 साल की उम्र में भी अपने बालों को घना और काला बनाए रखती हैं।

बदलती जीवनशैली के इस दौर में बालों से जुड़ी परेशानियां बेहद आम हो चुकी हैं। इनसे राहत पाने के लिए ज्यादातर लोग तरह-तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स पर भरोसा करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ साधारण घरेलू उपायों की मदद से भी बालों की दिक्कतों को दूर किया जा सकता है? प्रियंका चोपड़ा की मां ने एक ऐसे ही हेयर मास्क के बारे में जानकारी दी है, जिसके इस्तेमाल से बालों को काला और घना बनाया जा सकता है।

आज हर दूसरा शख्स बालों की किसी न किसी समस्या से जूझ रहा है। खराब दिनचर्या, मानसिक तनाव और गलत खानपान का असर सेहत के साथ-साथ बालों पर भी साफ नजर आता है। यही वजहें हेयरफॉल और रूखे बालों जैसी परेशानियों को जन्म देती हैं। ऐसे में लोग इनसे निजात पाने के लिए कई तरह के उत्पाद आजमाते हैं, जबकि रसोई में मौजूद कुछ चीजों से तैयार घरेलू नुस्खे भी इन समस्याओं में काफी कारगर साबित हो सकते हैं। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपना हेयर केयर रूटीन साझा किया और एक खास हेयर मास्क के बारे में बताया। उनका कहना है कि इसी मास्क की बदौलत वे 73 साल की उम्र में भी अपने बालों को घना और काला बनाए रखती हैं।

कौन सा हेयर मास्क लगाती हैं प्रियंका चोपड़ा की मां

डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा के मुताबिक, इस हेयर मास्क को तैयार करने के लिए आपको नारियल तेल, मेथी दाना, रोजमेरी, पके हुए चावल का पानी और चिया सीड्स की जरूरत पड़ेगी।

कैसे बनाएं यह हेयर मास्क

मास्क बनाने के लिए नारियल तेल, मेथी दाना, रोजमेरी, पके हुए चावल का पानी और चिया सीड्स को आपस में मिलाकर एक मिश्रण तैयार कर लें। इसके बाद इस तैयार मास्क को बालों और स्कैल्प पर अच्छी तरह से लगाएं और करीब एक घंटे तक लगा रहने दें। तय समय के बाद बालों को धो लें। बेहतर नतीजों के लिए इस हेयर मास्क का इस्तेमाल महीने में एक बार जरूर करें।

डॉ. मधु चोपड़ा बताती हैं कि यह मास्क बालों को भरपूर पोषण देता है और उन्हें घना तथा काला बनाने में मदद करता है। अगर इसे नियमित रूप से लगाया जाए तो कुछ ही दिनों में फर्क साफ नजर आने लगता है। ऐसे में इसे अपने हेयर केयर रूटीन में जरूर शामिल करें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/fashion-and-beauty-tips/priyanka-chopra-s-mother-reveals-the-secret-behind-her-thick-dark-hair-find-out-madhu-chopra-s-hair-care-routine-2026-06-17-1225668