शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन रही तेजी, ट्रेंट के शेयरों में जोरदार उछाल

मिडिल-ईस्ट में तनाव घटने से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 347.14 अंक चढ़कर 77,155.62 पर और निफ्टी 50 96.55 अंक बढ़कर 24,085.70 पर बंद हुआ।

17 जून, 2026: मिडिल-ईस्ट में हालात सामान्य होने का असर शेयर बाजार पर साफ दिख रहा है और निवेशकों का उत्साह बना हुआ है। बुधवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार चौथे कारोबारी दिन हरे निशान में बंद हुआ। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद से दुनिया भर के बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है, और इसी कड़ी में भारतीय बाजार ने भी आज मजबूती दर्ज की। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 347.14 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,155.62 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 96.55 अंक यानी 0.40 प्रतिशत चढ़कर 24,085.70 अंक पर बंद हुआ।

तेजी की शुरुआत बीते शुक्रवार से

अमेरिका और ईरान के बीच समझौते का ऐलान होने के बाद पिछले हफ्ते शुक्रवार को बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। तभी से घरेलू बाजार में तेजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इस सप्ताह सोमवार और मंगलवार के बाद बुधवार को भी बाजार ने बढ़त के साथ कारोबार समेटा।

टाटा समूह की ट्रेंट में तूफानी उछाल

सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि शेष 10 कंपनियां गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुईं। दूसरी ओर निफ्टी 50 की 50 में से 32 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही और बाकी 18 कंपनियों के शेयर लुढ़ककर लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों में टाटा समूह की कंपनी ट्रेंट सबसे आगे रही, जिसके शेयर 7.06 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, सबसे ज्यादा गिरावट बजाज फिनसर्व के शेयरों में रही, जो 1.16 प्रतिशत टूटकर बंद हुए।

बढ़त के साथ बंद हुए सेंसेक्स के ये शेयर

हरे निशान में बंद होने वाले सेंसेक्स के अन्य शेयरों में बीईएल 3.06 प्रतिशत, एटरनल 1.76 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.53 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.29 प्रतिशत, टाइटन 1.09 प्रतिशत, सन फार्मा 1.07 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.07 प्रतिशत, टीसीएस 1.05 प्रतिशत, एसबीआई 0.99 प्रतिशत, इंडिगो 0.83 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.82 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.55 प्रतिशत, एलएंडटी 0.48 प्रतिशत, पावर ग्रिड 0.42 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.37 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.36 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.27 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.10 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ शामिल रहे।

इन कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद

दूसरी तरफ बुधवार को गिरावट झेलने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक 1.08 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.88 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.51 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.42 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.41 प्रतिशत, आईटीसी 0.34 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.16 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.07 प्रतिशत और एनटीपीसी 0.01 प्रतिशत के नुकसान के साथ बंद हुए।

https://www.indiatv.in/paisa/market/stock-market-highlights-17-june-2026-stock-market-rally-continues-for-the-fourth-consecutive-day-massive-gains-in-these-stocks-2026-06-17-1225666