स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना साल 2025 में अपने शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' की वजह से लगातार सुर्खियों में बने रहे। रणवीर अल्लाहबादिया की एक टिप्पणी के बाद यह शो और खुद समय रैना देखते ही देखते विवादों के घेरे में आ गए। हालात ऐसे बने कि शो को लेकर समय रैना के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज करा दी गईं। इसके बाद समय रैना ने सिर्फ विवादित एपिसोड ही नहीं, बल्कि शो के सभी एपिसोड हटा दिए थे। इस पूरे विवाद को अब एक साल से ज्यादा बीत चुका है और अब समय रैना दर्शकों के बीच वापसी की तैयारी में जुट गए हैं। वे 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' लेकर लौट रहे हैं, लेकिन इस बार उनका शो यूट्यूब पर नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर आने की संभावना जताई जा रही है।
निराले अंदाज में हुआ सीजन 2 का ऐलान
नेटफ्लिक्स इंडिया ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक मजेदार पोस्ट साझा करते हुए समय रैना के कॉमेडी और टैलेंट शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन की जानकारी दी। यह शो पिछले साल फरवरी में पहली बार यूट्यूब पर आया था और अब इसे दूसरे सीजन के लिए रिन्यू कर दिया गया है। इस बार इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किए जाने की संभावना है। जैसे ही समय रैना और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने शो से जुड़ी नई पोस्ट साझा की, आम यूजर्स के साथ-साथ कई सेलिब्रिटीज ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी।
'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' को नींबू-मिर्च की जरूरत
नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में दिखने वाले बॉडीगार्ड की तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा- 'कमेंट में नींबू-मिर्च ड्रॉप करें, हमें इसकी जरूरत पड़ने वाली है।' इस पोस्ट पर आशीष चंचलानी, हर्ष लिंबाचिया, रैपर रफ्तार, बशीर अली और कॉमेडियन राजीव ठाकुर समेत कई सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी। अब तक इस इंस्टाग्राम पोस्ट पर 6,19,000 से ज्यादा लाइक्स और 29,000 से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं।
क्या कपिल शर्मा से होगा सीधा मुकाबला?
इस पोस्ट के सामने आते ही यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या समय रैना अब कॉमेडी किंग कपिल शर्मा को टक्कर देने वाले हैं, क्योंकि कपिल शर्मा का शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो' भी नेटफ्लिक्स पर ही स्ट्रीम होता है और लगातार टॉप ट्रेंडिंग में अपनी जगह बनाए रखता है। यही वजह है कि कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए यह सवाल उठाया। हाल ही में समय रैना कपिल शर्मा के शो में भी पहुंचे थे और इस दौरान उनके साथ रणवीर अल्लाहबादिया भी मौजूद थे। बता दें कि समय रैना ने अपने स्टैंड-अप स्पेशल 'स्टिल अलाइव' के दौरान अपने लोकप्रिय शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन की घोषणा की थी। हालांकि, 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' की रिलीज डेट और समय के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद की पूरी कहानी
समय रैना के कॉमेडी टैलेंट शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से जुड़े विवाद की शुरुआत तब हुई, जब पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया (जिन्हें बीयरबाइसेप्स के नाम से भी जाना जाता है) ने शो के एक एपिसोड में माता-पिता को लेकर एक अनुचित टिप्पणी कर दी। इस टिप्पणी की ऑनलाइन जमकर आलोचना हुई, जिसके चलते शो में शामिल लोगों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुईं और समय रैना को वीडियो प्लेटफॉर्म से शो के सभी एपिसोड हटाने पड़े।
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/samay-raina-gearing-up-to-challenge-kapil-sharma-with-his-show-indias-got-latent-season-2-to-drop-on-netflix-2026-06-17-1225683