'कॉकटेल 2' का 'बंधु 2.0' रिलीज, शाहिद-कृति-रश्मिका के गाने को मिले मिले-जुले रिएक्शन

फिल्म 'कॉकटेल 2' से 'तुम्हीं हो बंधु' का रीक्रिएटेड वर्शन 'बंधु 2.0' रिलीज हो गया है। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन वाले इस गाने पर सोशल मीडिया पर मिले-जुले रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं।

'कॉकटेल 2' के ट्रेलर में दर्शकों को 'तुम्हीं हो बंधु' के रीक्रिएटेड वर्शन की कुछ झलकियां सुनने को मिली थीं और तभी से पूरे गाने का इंतजार किया जा रहा था। यह इंतजार 17 जून 2026 को आकर खत्म हुआ। बुधवार को मेकर्स ने 'बंधु 2.0' को रिलीज कर दिया, जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। इस गाने को प्रीतम ने कंपोज किया है, जिन्होंने मूल गाने को भी तैयार किया था। रीक्रिएटेड वर्शन में कविता सेठ और नीरज श्रीधर ने आवाज दी है। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की तिकड़ी वाले इस गाने को मिले-जुले रिव्यू मिल रहे हैं।

'बंधु 2.0' के साथ जुड़ा एक मजेदार एलिमेंट

फिल्म 'कॉकटेल 2' का यह नया गाना 'बंधु 2.0' कुछ लोगों को बेहद पसंद आ रहा है, तो कुछ को यह खास रास नहीं आया। हालांकि शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन के डांस की तारीफ हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि मेकर्स ने गाने में एक मजेदार पहलू भी जोड़ा है। उन्होंने एक्टर्स से खुद ही यह कहलवाया है कि गाना रिलीज होने के बाद उनकी जमकर ट्रोलिंग होने वाली है, क्योंकि दर्शकों को पुराने गानों के रीक्रिएटेड वर्शन रास नहीं आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया

गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इस पर बहस छिड़ गई और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाएं दो धड़ों में बंटी नजर आईं। एक रेडिट यूजर ने लिखा कि ऐसा लगता है मानो इसे आखिरी वक्त में सिर्फ चर्चा बटोरने के मकसद से तैयार किया गया। उसने यह भी कहा कि हम ऐसे दौर में पहुंच गए हैं जहां बॉलीवुड खुद ही अपना मजाक उड़ा देता है ताकि दर्शक उसे ट्रोल न करें, यानी पूरी तरह सेफ खेलने की रणनीति।

एक अन्य रेडिट यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि पहले वैसा काम करो जिस पर ट्रोलिंग होती है, फिर यह कहो कि 'ट्रोल हो जाएंगे।' वहीं एक और यूजर ने टिप्पणी की कि यह सब बेतुका है, इसमें जोड़ी गई बीट्स बेहद खराब हैं और विजुअल्स तथा डांस स्टेप्स तो उससे भी बुरे हैं।

कब रिलीज होगी 'कॉकटेल 2'

होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी 'कॉकटेल 2' 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म के गानों और ट्रेलर ने रिलीज से पहले अच्छी चर्चा बटोरी है, लेकिन एडवांस बुकिंग अब तक औसत ही रही है। साल 2012 में आई 'कॉकटेल' को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अब देखना यह होगा कि क्या 'कॉकटेल 2' भी सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की 'कॉकटेल' की तरह बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर पाएगी।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/bandhu-2-0-from-cocktail-2-release-shahid-kapoor-kriti-sanon-rashmika-mandanna-new-song-gets-mixed-reviews-2026-06-17-1225698