मेड-इन-इंडिया MINI Countryman C भारत में पेश, जानें कीमत

बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने भारत में बनी पेट्रोल इंजन वाली मिनी कंट्रीमैन सी को लॉन्च कर दिया है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 47.50 लाख रुपये रखी गई है। इसके साथ ही देशभर के डीलरशिप पर इसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है।

लग्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने बुधवार को मिनी कंट्रीमैन सी को भारतीय बाजार में उतार दिया। पेट्रोल इंजन से लैस इस मेड-इन-इंडिया कार के आने से कंपनी ने अपने प्रीमियम सेगमेंट को और मजबूती दी है। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह बरार के मुताबिक, इस गाड़ी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 47.50 लाख रुपये तय की गई है, जबकि दिल्ली में इसका ऑन-रोड प्राइस करीब 54.90 लाख रुपये बैठेगा।

चेन्नई प्लांट में हुई पेशकश

कंपनी ने इस मॉडल को अपने चेन्नई स्थित प्लांट में ही लॉन्च किया, जहां मीडिया और ऑटोमोबाइल क्षेत्र के तमाम विशेषज्ञ मौजूद रहे। लॉन्च कार्यक्रम के दौरान चेन्नई प्लांट के मैनेजिंग डायरेक्टर थॉमस डोज ने कहा कि यह नया मॉडल ब्रांड के लिए एक अहम ऑपरेशनल माइलस्टोन है। उन्होंने बताया कि इस प्रीमियम क्रॉसओवर को 'कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन' (CKD) किट के जरिए यहीं स्थानीय स्तर पर तैयार किया जाएगा।

देशभर में शुरू हुई बुकिंग

गौरतलब है कि 'कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन' (CKD) वे वाहन होते हैं जिन्हें अलग-अलग पुर्जों और कलपुर्जों के रूप में आयात किया जाता है और फिर स्थानीय प्लांट में असेंबल कर पूरी गाड़ी बनाई जाती है। लॉन्च के साथ ही मिनी कंट्रीमैन सी की बुकिंग देशभर के डीलरशिप पर आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है और कंपनी ग्राहकों को इसकी डिलीवरी तत्काल देना शुरू करने की योजना बना रही है।

छह मॉडल का हुआ पोर्टफोलियो

इस नई पेशकश के बाद अब भारत में मिनी के कुल छह मॉडल हो गए हैं। कंट्रीमैन सी के अलावा इसमें मिनी कूपर, मिनी कूपर एस कन्वर्टिबल, मिनी कंट्रीमैन, मिनी कूपर एसई और मिनी कंट्रीमैन इलेक्ट्रिक शामिल हैं। इनमें सबसे किफायती गाड़ी मिनी कूपर है, जिसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 44,45,000 रुपये है, वहीं सबसे महंगी गाड़ी मिनी कंट्रीमैन है, जिसका दिल्ली एक्स-शोरूम प्राइस 66,15,000 रुपये है।

1 जुलाई से बढ़ेंगी कीमतें

हाल ही में बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने अपने वाहनों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया था। कंपनी 1 जुलाई से अपने सभी मॉडल महंगे करने जा रही है, जिसमें बीएमडब्ल्यू के साथ-साथ मिनी की सभी गाड़ियां भी शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, 1 जुलाई से उसके सभी वाहनों की कीमतों में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रभावी हो जाएगी। अपने बयान में कंपनी ने स्पष्ट किया था कि यह बढ़ोतरी भारत में स्थानीय स्तर पर निर्मित और पूरी तरह आयातित (CBU) दोनों श्रेणियों के वाहनों पर लागू होगी।

https://www.indiatv.in/paisa/auto/bmw-launches-india-made-mini-countryman-c-in-india-check-prices-2026-06-17-1225690