कानपुर: 'पति का काम तमाम कर दो'... प्रेमी के उकसावे पर पत्नी ने पेट में घोंपा चाकू, 11 दिन बाद मौत

कानपुर में एक महिला ने प्रेमी के उकसावे में आकर सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पति के पेट पर कई वार कर दिए। इलाज के 11 दिन बाद घायल पति की मौत हो गई और पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कानपुर में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के बहकावे में आकर अपने ही पति की जान ले ली। आरोप है कि महिला ने पति के पेट पर सब्जी काटने वाले चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 11 दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

फोन पर बात के दौरान शुरू हुआ झगड़ा

परिजनों के अनुसार, घटना के वक्त महिला अपने मोबाइल पर प्रेमी से बातचीत कर रही थी। जैसे ही पति ने उसे ऐसा करते हुए पकड़ा, दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान फोन पर महिला के प्रेमी ने उससे कहा कि पति का काम तमाम कर दो। उकसावे में आकर महिला ने चाकू से पति पर कई वार कर दिए।

9 साल पहले की थी लव मैरिज

परिजनों ने बताया कि मृतक मनीष ने करीब 9 साल पहले निहारिका से प्रेम विवाह किया था। दंपती का एक 6 साल का बेटा भी है। बीते तीन साल से निहारिका का जम्मू के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी भनक मनीष को लगी तो उसने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे।

5 जून की दोपहर भी निहारिका अपने प्रेमी से बातचीत कर रही थी। इसी बीच मनीष ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में निहारिका ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट पर कई वार कर दिए। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो मनीष खून से लथपथ पड़ा था। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिवार का इकलौता बेटा था मनीष

फीलखाना के बालाजी धाम में रहने वाले रामकिशोर गुप्ता कपूर सप्लाई का काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी मीरा गुप्ता, बेटा मनीष गुप्ता (45) और एक बेटी पूनम गुप्ता हैं। पूनम की शादी हो चुकी है। रामकिशोर के मुताबिक, मनीष किराना बाजार में ब्रोकर का काम करता था। इसी दौरान बिरहाना रोड स्थित लाफ्टीवेल स्कूल में पढ़ाने वाली निहारिका कश्यप से उसकी मुलाकात हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए।

रामकिशोर ने बताया कि अफेयर की जानकारी होने पर उन्होंने दोनों की शादी करवा दी थी। मनीष और निहारिका की शादी 30 जून, 2017 को हुई थी। दोनों का 6 साल का एक बेटा रियांश गुप्ता है। शादी के बाद मनीष ने ब्रोकर का काम छोड़कर कपूर का व्यवसाय शुरू कर दिया था।

फेसबुक से शुरू हुई थी दोस्ती

रामकिशोर गुप्ता के अनुसार, उनकी बहू निहारिका की करीब तीन साल पहले जम्मू के एक युवक अंग्रेज से फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और घंटों फोन पर बातें होने लगीं। जब यह बात मनीष को पता चली तो उसने इसका विरोध किया, लेकिन उसका यह विरोध निहारिका को नागवार गुजरता था और इसी बात पर दोनों के बीच टकराव होता रहता था।

रामकिशोर ने बताया कि हैलट अस्पताल में होश आने के बाद मनीष ने बताया था कि चाकू मारते वक्त निहारिका अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी। फोन पर चीख सुनने के बाद निहारिका ने प्रेमी को चाकू मारने की बात बताई, जिस पर उसने कहा कि पति का काम तमाम कर दो।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/kanpur-boyfriend-provokes-wife-stabs-husband-in-kanpur-dies-fater-11-days-10579289.html