बिहार में मानसून की दस्तक के साथ ही राज्य के मौसम में दो बिल्कुल अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को राज्य का मौसम बेहद संवेदनशील रहने वाला है। एक ओर उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में सूरज का सितम बरकरार रहेगा और लोग भीषण लू की चपेट में रहेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय मानसून की उत्तरी सीमा राज्य के मुजफ्फरपुर और जमुई से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही पंजाब से हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक एक मौसमी ट्रफ लाइन बनी हुई है, जिसके चलते उत्तर बिहार में भारी मात्रा में नमी पहुंच रही है।
इन जिलों में आंधी-बारिश का खतरा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 18 जून को उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी जिलों में कई जगहों पर तेज मेघगर्जन और बिजली गिरने की प्रबल आशंका है।
इस दौरान इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे कच्चे मकानों और झुग्गी-झोपड़ियों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। विशेष रूप से अररिया, किशनगंज और सुपौल जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण-पश्चिम बिहार में लू का प्रकोप
जहां उत्तर बिहार में अच्छी बारिश की संभावना है, वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों को मानसून की राहत के लिए अभी लंबा इंतजार करना होगा। मौसम विभाग ने भभुआ, रोहतास और औरंगाबाद जिलों के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की है, जहां दोपहर के समय झुलसाने वाली गर्म हवाएं चलेंगी।
पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस कैमूर (भभुआ) में दर्ज किया गया, जबकि शेखपुरा, बक्सर और कैमूर में भीषण लू जैसी स्थिति बनी रही। राजधानी पटना, गया और बक्सर समेत दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे दिन में उमस और गर्मी लोगों को बेहाल कर देगी।
राज्य में दर्ज तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पटना में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई और बारिश नहीं हुई। वहीं गयाजी में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, आर्द्रता 64 प्रतिशत रही और 0.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-tomorrow-weather-18-june-storms-and-rain-in-north-heatwave-in-south-imd-issues-alert-kal-ka-mausam-local18-ws-l-10578905.html