किसी और के साथ रिश्ते को आगे बढ़ाने की चाह में एक पति ने अपनी सीधी-सादी पत्नी की हत्या की ठंडे दिमाग से साजिश रची और उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना कर्नाटक के बेलगावी जिले की है, जहां पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में संतोष नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
संतोष पटायात की शादी नौ साल पहले गोकाक तालुक के शिंडिकुराबेट गांव की रहने वाली सक्कुबाई से हुई थी। पिछले चार साल से संतोष का किसी और महिला के साथ संबंध चल रहा था और इसी वजह से उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उसकी जान ले ली।
मंदिर के बहाने रची गई हत्या की साजिश
एक दिन संतोष ने पत्नी से कहा कि अधिक मास चल रहा है, चलो बैलहोंगल तालुक के मारकुम्बी गांव स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर के दर्शन करने चलते हैं। सक्कुबाई इसके लिए तैयार हो गई। संतोष पहले उसे मंदिर ले गया और लौटते समय उसने पत्नी को प्रसाद बताकर जूस पीने को दिया। उस जूस में उसने चूहे मारने की दवा मिला दी थी।
जूस पीते ही सक्कुबाई बेहोश हो गई। इसके बाद संतोष उसे सड़क किनारे ले गया और वहां उसका गला घोंट दिया। फिर उसने पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी हादसे का शिकार हो गई है।
विधवा महिला से चार साल से चल रहा था संबंध
आरोप है कि संतोष पटायात ने यह सब अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के मकसद से किया। गांव की ही एक विधवा महिला के साथ उसका पिछले चार साल से विवाहेतर संबंध चल रहा था। इस रिश्ते में पत्नी अड़चन बन रही थी, इसीलिए संतोष ने उसकी हत्या कर दी। किसी को शक न हो, इसके लिए उसने इस हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार पूरा मामला उजागर हो गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
सक्कुबाई का शव देखकर पुलिस को संतोष की कहानी पर संदेह हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज भेजा गया। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि यह मौत हत्या थी, न कि कोई दुर्घटना। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस का शक यकीन में बदल गया।
सख्ती से पूछताछ के दौरान संतोष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ रहना चाहता था, इसीलिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोपी का गांव की उसी विधवा महिला के साथ पिछले चार सालों से संबंध था। पुलिस अब इस हत्या में उस महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है।
https://www.indiatv.in/crime/husband-mixed-poison-in-prasad-given-wife-how-the-murder-mystery-was-solved-2026-06-17-1225657