एनआईए की बड़ी कार्रवाई: बारामूला में आतंकी साजिश के आरोपी की दो जमीनें कुर्क

बारामूला जिले में एनआईए ने यूएपीए के तहत हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ी साजिश के एक आरोपी के दो भूखंड कुर्क किए। इसी बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा और श्रीनगर में तीन तस्करों की 4 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त कीं।

जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आतंकी नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार सक्रिय है। इसी अभियान के तहत बारामूला जिले में बुधवार को एजेंसी ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत दो भूखंड कुर्क कर लिए।

अधिकारियों के मुताबिक, कनिसपोरा में स्थित 7.5 मरला (2,050 वर्ग फुट) और छह मरला (1,632 वर्ग फुट) के ये दोनों भूखंड शाहीन अहमद लोन के नाम पर हैं। शाहीन अहमद लोन वर्ष 2020 में एनआईए द्वारा दर्ज किए गए एक मामले में आरोपी है।

विशेष अदालत के आदेश पर हुई कुर्की

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत द्वारा यूएपीए की धारा 33(1) के तहत जारी आदेश के आधार पर की गई। प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन और पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियों की कथित संलिप्तता वाली एक बड़ी साजिश की जांच चल रही है, और यह कुर्की उसी जांच का हिस्सा है।

पूर्व डीएसपी देवेंद्र सिंह से जुड़े तार

एनआईए के अनुसार, यह साजिश भारत में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें मदद पहुंचाने के मकसद से रची गई थी। जांच का मुख्य केंद्र अवैध हथियारों के नेटवर्क, आतंकवाद के लिए धन जुटाने (टेरर फंडिंग) तथा हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादियों और पूर्व पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) देवेंद्र सिंह की गिरफ्तारी से जुड़े पहलू हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जांच एजेंसियां इन तमाम पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में एनआईए की टीम आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के खिलाफ और भी बड़ी कार्रवाई कर सकती है।

तस्करों की चार करोड़ की संपत्ति जब्त

दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा और श्रीनगर जिलों में तीन मादक पदार्थ तस्करों की 4 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की हैं। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई।

पुलिस ने बताया कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत अवंतीपोरा में कुख्यात तस्कर निसार अहमद खांडे की संपत्ति एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कुर्क की गई। कुर्क की गई संपत्ति में एक दोमंजिला आवासीय मकान और 7 कनाल 18 मरला जमीन शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।

https://www.indiatv.in/jammu-and-kashmir/baramulla-nia-action-against-terrorist-network-land-of-accused-linked-to-terrorism-case-seized-2026-06-17-1225643