कोलकाताः पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ी हलचल मचाते हुए तृणमूल कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री उदयन गुहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई कूचबिहार पुलिस ने की है। हालांकि पुलिस की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कूचबिहार जिला पुलिस ने कोलकाता के फूलबागान इलाके में मौजूद उनके फ्लैट पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद की गई गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिनहाटा के पूर्व विधायक उदयन गुहा बीते कुछ समय से कोलकाता के फूलबागान थाना क्षेत्र में स्थित एक फ्लैट में रह रहे थे। उनके खिलाफ कई गैर-जमानती मामले दर्ज होने के बाद से जांच एजेंसियां लगातार उन पर नजर बनाए हुए थीं। बुधवार सुबह कूचबिहार जिला पुलिस की एक विशेष टीम ने अचानक उस फ्लैट पर छापेमारी की और कुछ देर तक पूछताछ करने के बाद अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार करने का निर्णय लिया।
गुहा के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
इससे पहले उदयन गुहा पर भड़काऊ बयानबाजी, मारपीट और चुनाव से जुड़ी हिंसा भड़काने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा कानूनी कार्रवाई दिनहाटा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक पुराने मामले से संबंधित है। हालांकि जिला पुलिस ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि किस मामले के चलते यह गिरफ्तारी हुई है।
सुवेंदु अधिकारी ने भी उठाए थे सवाल
पिछले साल सितंबर में बंगाल विधानसभा में विपक्ष के तत्कालीन नेता रहे सुवेंदु अधिकारी ने राज्य पुलिस पर आरोप लगाया था कि वह उत्तरी बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा को एक मामले में बचाने का प्रयास कर रही है। यह मामला पिछले महीने कूचबिहार जिले में उनके काफिले पर हुए कथित हमले से जुड़ा था। अधिकारी ने कलकत्ता हाई कोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच के उस आदेश का भी उल्लेख किया था, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक (IG) को 10 सितंबर तक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया था।
उत्तर बंगाल की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा
गौरतलब है कि उदयन गुहा कूचबिहार समेत पूरे उत्तर बंगाल क्षेत्र की राजनीति में एक परिचित नाम हैं। फॉरवर्ड ब्लॉक का साथ छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद वह उत्तर बंगाल में पार्टी के अहम चेहरों में गिने जाने लगे। विवादास्पद और भड़काऊ बयान देने के कारण उन पर कई मुकदमे भी दर्ज हुए हैं।
https://www.indiatv.in/west-bengal/tmc-leader-udayan-guha-arrested-by-cooch-behar-police-in-west-bengal-2026-06-17-1225637