दिल्ली-NCR में आज फिर बरसेंगे बादल, गर्मी से राहत के आसार; जानें अगले दो दिन का मौसम

दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिलसिला अगले दो दिन तक जारी रह सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में इन दिनों तेज गर्मी का असर बना हुआ है। हालांकि बदलते मौसम ने लोगों को कुछ राहत की उम्मीद जगाई है। बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में 3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि मौसम की यह गतिविधि अगले दो दिन तक जारी रह सकती है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों का तापमान

पालम मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम यानी 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी रोड पर यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम 22 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सामान्य से 3.7 डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

दिल्ली की हवा में सुधार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 81 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। बोर्ड के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।

देश के अन्य हिस्सों में भी बरसात के आसार

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और गर्मी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार से सोमवार (18 से 22 जून 2026) के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसी अवधि में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस सप्ताह कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

https://www.indiatv.in/delhi/delhi-ncr-weather-news-heavy-rainfall-alert-on-wednesday-aaj-ka-mausam-2026-06-17-1225626