'सपा में जल्द होगी बड़ी टूट', ओपी राजभर के दावे से यूपी की राजनीति में हलचल

यूपी के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है और रामगोपाल यादव ने गृहमंत्री अमित शाह को एक चिट्ठी सौंपी है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा से अलग होने वाले सांसद भाजपा के साथ जा सकते हैं।

लखनऊ: पश्चिम बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में टूट की खबरों के बीच अब उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) में भी बिखराव की आशंका जताई जा रही है। यह दावा प्रदेश के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने किया है। राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए सपा में बड़ी टूट की बात कही। उन्होंने लिखा, ''समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है''।

'समूची सपा भाजपा में शामिल होने को तैयार'

ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। उनके अनुसार जैसे-जैसे शिकंजा कसता जा रहा है, सपा की बेचैनी बढ़ती जा रही है। राजभर ने कहा कि महाराष्ट्र और बंगाल की बात तो छोड़ ही दीजिए, पूरी की पूरी सपा भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।

'टूटने वाले सांसद जाएंगे भाजपा के साथ'

एक्स पर पोस्ट के बाद ओपी राजभर का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने अमित शाह को एक गोपनीय पत्र सौंपा है। उनके मुताबिक राम गोपाल यादव पत्र देने के बाद मुस्कराते हुए वहां से रवाना हो गए। राजभर ने कहा कि जो हश्र बंगाल में टीएमसी का और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे का हुआ, वही अब यूपी में सपा का होने वाला है। उन्होंने आशंका जताई कि राम गोपाल यादव ने संभवतः उस पत्र में उन सांसदों के नाम लिखे होंगे, जो पार्टी से अलग हो सकते हैं। राजभर का कहना है कि सपा के बड़ी संख्या में सांसद टूटने जा रहे हैं और ये अलग होने वाले सांसद भाजपा के साथ जा सकते हैं।

ब्राह्मण सम्मेलन पर अखिलेश पर निशाना

सपा के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर भी ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जाति व्यवस्था में सबसे विद्वान ब्राह्मण को माना जाता है, लेकिन अब अखिलेश यादव उसी ब्राह्मण समाज को समझाने में जुटे हैं। राजभर ने इटावा के कथावाचक विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अखिलेश यादव ने कहा था कि यादव भी कथा कह सकता है। मंत्री ने तंज कसा कि सपा के ब्राह्मण सम्मेलन में सिर्फ यादव ही यादव नजर आएंगे। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि जैसे बसपा की बैठकों में कैडर के नेता वेश बदलकर बैठते थे, वैसे ही सपा अपने यादव कार्यकर्ताओं को ब्राह्मण सम्मेलन में बैठाएगी।

टीएमसी और शिवसेना यूबीटी में टूट की चर्चा

उल्लेखनीय है कि हाल ही में बंगाल चुनाव के बाद ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में बड़ी टूट देखने को मिली। इसके बाद महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के छह सांसदों ने बगावत कर दी है। सूत्रों के अनुसार उद्धव गुट के बागी सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात कर हस्ताक्षरयुक्त पत्र भी सौंपा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-minister-om-prakash-rajbhar-claim-may-be-major-split-in-samajwadi-party-2026-06-17-1225623