घर की अलमारी में बरसों से रखे पुराने, फटे और बेकार कपड़े सिर्फ जगह ही नहीं घेरते, बल्कि वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर की सुख-शांति पर भी सीधा असर डालते हैं। कई लोग आदतन ऐसे कपड़ों को संभालकर रखते रहते हैं, लेकिन मान्यता है कि समय रहते इन्हें घर से बाहर करना जरूरी है, वरना इसका प्रभाव परिवार के माहौल और आर्थिक हालात दोनों पर पड़ सकता है।
क्यों अशुभ माने जाते हैं पुराने और दागदार कपड़े
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि वास्तु शास्त्र में पुराने, फटे और दाग वाले कपड़ों को अशुभ माना गया है। उनके अनुसार ऐसे कपड़े घर में नकारात्मक ऊर्जा का भंडार बन जाते हैं। लंबे समय तक इन्हें रखने से मानसिक तनाव बढ़ता है, परिवार में झगड़े होने लगते हैं और आर्थिक दिक्कतें भी सिर उठाने लगती हैं। इसीलिए जितनी जल्दी हो सके, ऐसे कपड़ों को घर से हटा देना चाहिए।
घर में किन चीजों को नहीं रखना चाहिए
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य के अनुसार फटे-पुराने कपड़ों के साथ-साथ टूटे-फूटे बर्तन भी घर में नहीं रखने चाहिए। वे बताते हैं कि लोग अक्सर पुराने कपड़े संस्थाओं को दान कर देते हैं, लेकिन फटे और बेकार हो चुके कपड़ों का दान करने से बचना चाहिए। ऐसे कपड़ों को रद्दी वाले को दे देना या बेच देना बेहतर माना गया है। उनका कहना है कि कपड़ों को जलाना या पानी में बहा देना भी उचित नहीं समझा जाता।
राहु और शनि से जुड़ा है इनका संबंध
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि पुराने और फटे कपड़ों का संबंध राहु और शनि से माना जाता है। ऐसे कपड़े घर में आर्थिक तंगी को बढ़ावा देते हैं। इनकी मौजूदगी से पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगते हैं, स्वभाव में चिड़चिड़ापन आ जाता है और बच्चों का मन पढ़ाई में कम लगने लगता है। यही वजह है कि इन कपड़ों को न तो जलाना चाहिए और न ही इधर-उधर फेंकना चाहिए।
जरूरतमंदों को नया कपड़ा देना शुभ
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य के मुताबिक यदि दान करना ही हो तो अच्छे और उपयोगी कपड़ों का दान करना चाहिए। जरूरतमंदों को नया कपड़ा देना शुभ माना जाता है। वहीं पुराने कंबल, रजाई या किसी काम न आने वाले कपड़ों को रद्दी वाले को दिया जा सकता है। संभव हो तो इन्हें मिट्टी में गड्ढा खोदकर दबाया भी जा सकता है, लेकिन खुले में फेंकना या जलाना उचित नहीं माना गया है।
महीने में एक बार जरूर करें अलमारी की सफाई
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य सलाह देते हैं कि घर की अलमारी की सफाई महीने में कम से कम एक बार जरूर करनी चाहिए। जो कपड़े सालभर में एक बार भी इस्तेमाल में नहीं आए हों, उन्हें अलग कर देना चाहिए। वास्तु के इन नियमों का पालन करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है, आपसी प्रेम बढ़ता है और परिवार में बेवजह के विवाद कम होते हैं।
https://hindi.news18.com/astro/astro-tips-keeping-old-clothes-at-home-can-increase-negative-energy-according-to-vastu-local18-10577957.html