पश्चिम चंपारण के एक युवा ने इंजीनियरिंग की स्थिर नौकरी को अलविदा कहकर मॉडलिंग की दुनिया में जो दांव लगाया, वह पहले ही प्रयास में रंग ले आया। ज़िले के बगहा 02 प्रखंड के रहने वाले सागर सलवान ने राज्यस्तरीय ब्यूटी पेजेंट में 'मिस्टर फेस ऑफ बिहार' का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले वे 'मिस्टर फेस ऑफ चम्पारण' का ताज भी जीत चुके हैं और अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर 'मिस्टर इंडिया' बनना है।
पटना में जीता राज्यस्तरीय खिताब
हाल ही में पटना के पीएनएम मॉल में राज्यस्तरीय ब्यूटी पेजेंट कॉन्टेस्ट का आयोजन हुआ, जिसमें सागर सलवान ने 'मिस्टर फेस ऑफ बिहार' का खिताब जीता। 6 राउंड तक चले इस मुकाबले में पूरे राज्य से 200 से अधिक प्रतिभागियों ने शिरकत की। हर राउंड में प्रतियोगियों को उनकी मॉडलिंग स्किल और मेंटल एबिलिटी समेत कई कसौटियों पर परखा गया।
बढ़त बनाने वाले कई प्रतिभागी फाइनल तक पहुंचे। विजेताओं में पश्चिम चम्पारण की सोनल झा, अंजली कुशवाहा और सागर सलवान ने क्रमशः मिस बिहार, मिसेज बिहार और मिस्टर फेस ऑफ बिहार का खिताब अपने नाम कर शानदार जीत दर्ज की।
नेपाल तक का सफर: जूनियर इंजीनियर से मॉडल
सागर ने बगहा 02 के सन राइज़ पब्लिक स्कूल से दसवीं की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद मोतिहारी के आरफ़ा इंटरनेशन स्कूल से इंटरमीडिएट किया। ग्रेजुएशन करने के बजाय उन्होंने सीधे डिप्लोमा का रास्ता चुना और गोरखपुर के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज में दाखिला लिया।
पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें सूरत स्थित लक्ष्मीपति साड़ी प्रोडक्शन फैक्ट्री में बतौर इंजीनियर काम करने का अवसर मिला। कुछ महीने सूरत में काम करने के बाद उन्होंने नेपाल के सिरहां स्थित हिमालय शुगर फैक्ट्री में जूनियर इंजीनियर की ज़िम्मेदारी संभाली।
नौकरी छोड़कर पूरी तरह मॉडलिंग में उतरे
दिलचस्प बात यह रही कि नेपाल में भी उन्होंने महज 6 से 7 महीने ही काम किया और फिर इसे छोड़कर पूरी तरह मॉडलिंग के क्षेत्र में जुट गए। करीब दो साल तक खुद को निखारने के बाद सागर ने वर्ष 2026 में 'द स्पॉटलाइट' की ओर से ज़िले में आयोजित ब्यूटी पेजेंट में 'मिस्टर फेस ऑफ चम्पारण' का खिताब जीता, जिसके बाद उनके लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का रास्ता खुल गया।
28 मई 2026 को पटना के पीएनएम मॉल में I-GLAM की ओर से राज्यस्तरीय ब्यूटी पेजेंट का आयोजन हुआ, जहां सागर को वाइल्ड कार्ड एंट्री का बेहतरीन मौका मिला। इस कॉन्टेस्ट के लिए राज्य के सभी ज़िलों से करीब 200 प्रतिभागियों का चयन किया गया था, जिन्हें कुल 6 राउंड में खुद को साबित कर मिस्टर, मिस और मिसेज बिहार का खिताब जीतने का अवसर मिला। हर राउंड में बढ़त बनाते हुए सागर ने फाइनल में यह खिताब अपने नाम कर लिया।
अब राष्ट्रीय मंच की तैयारी
इस उपलब्धि के बाद सागर अब खुद को राष्ट्रीय स्तर पर साबित करने की तैयारी में जुटे हैं और मॉडलिंग की दुनिया में बड़ी कामयाबी हासिल करना चाहते हैं। सागर के पिता प्रमोद सलवान बगहा की शुगर फैक्ट्री में चीफ इंजीनियर हैं, जबकि उनकी मां जागृति सलवान एक कुशल गृहिणी हैं।
https://hindi.news18.com/news/bihar/west-champaran-sagar-salwan-becomes-mister-face-of-bihar-local18-ws-l-10577754.html