मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़ी दिनभर की प्रमुख घटनाओं में आगजनी, खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामले, मुख्यमंत्रियों के दौरे और राजनीतिक गतिविधियां सुर्खियों में रहीं। पढ़िए दोनों राज्यों की अहम खबरें एक नजर में।
गुना की प्लास्टिक फैक्ट्री में देर रात भड़की आग
गुना के औद्योगिक क्षेत्र में रात के सन्नाटे में अचानक ऊंची लपटें उठीं और देखते ही देखते एक प्लास्टिक फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। वंदना कान्वेंट स्कूल के पीछे स्थित इस इकाई में रात करीब 11:30 बजे आग लगी और लपटें तीन मंजिल की ऊंचाई तक पहुंच गईं।
फैक्ट्री के मालिक हरीश रटड़ा हैं और यहां प्लास्टिक के पाइप व दाने तैयार किए जाते थे। हरीश रात 9 बजे फैक्ट्री से अपने घर लौट चुके थे और करीब ढाई घंटे बाद आग भड़क उठी। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही चार फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मी करीब तीन घंटे तक आग से जूझते रहे। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फायर ब्रिगेड के अलावा 20 टैंकर पानी का भी इस्तेमाल करना पड़ा, तब कहीं जाकर आग पर नियंत्रण पाया जा सका। आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने का सटीक कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रशासन और पुलिस ने मौके का जायजा लिया और नुकसान का आकलन जारी है।
भोपाल: सैंडविच में मिली मरी हुई मक्खी
भोपाल के अशोका गार्डन की रहने वाली शोभा अहिरवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब प्लेटिनम प्लाजा स्थित शर्मा विष्णु चाइनीज फास्टफूड रेस्टोरेंट में उनके सैंडविच में मरी हुई मक्खी निकली। शोभा ने बताया कि वह अशोका गार्डन से सैंडविच खाने के लिए इसी रेस्टोरेंट पहुंची थीं और पहला ही टुकड़ा खाते वक्त उन्हें मक्खी दिखाई दी।
शिकायत के बाद मामला फूड एंड सेफ्टी विभाग तक पहुंचा। सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया और किचन, साफ-सफाई तथा खाने की गुणवत्ता की जांच की। टीम ने मौके से सैंपल भी एकत्र किए हैं। फूड सेफ्टी अधिकारी ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस तक निलंबित किया जा सकता है।
कोरिया में दहला देने वाली वारदात, कार में जिंदा जला व्यक्ति
छत्तीसगढ़ के कोरिया के नौगई गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कार के भीतर एक व्यक्ति जलकर राख हो गया। कार भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई और पास खड़ी दूसरी गाड़ी में तोड़फोड़ के निशान मिले हैं। गंभीर रूप से जले तीन लोगों को रेफर किया गया है।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी में आपसी विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आ रही है। सरगुजा आईजी और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। सोनहत थाना क्षेत्र के इस गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
उज्जैन: भस्म आरती की लाइन में युवक से मारपीट
उज्जैन के महाकाल मंदिर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने भस्म आरती की कतार में लगे मुस्लिम युवक सरफराज ताज शेख को पकड़ा, जो एक हिंदू लड़की के साथ लाइन में खड़ा था। कार्यकर्ताओं ने उसकी जमकर पिटाई की। दोनों महाराष्ट्र के पुणे के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोप है कि सरफराज माथे पर तिलक लगाकर कतार में लगा था। बाद में कार्यकर्ताओं ने उसे थाना महाकाल पुलिस के हवाले कर दिया।
सीएम विष्णुदेव साय आज गरियाबंद दौरे पर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां जिले को कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री करीब 700 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री गोंडवाना भवन का भी लोकार्पण करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव का दिनभर का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:30 बजे विधानसभा पहुंचेंगे और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाशनाथ काटजू की जन्मतिथि पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे सुबह 11 बजे भोपाल से नागदा के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे उज्जैन के नागदा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और दोपहर 12:55 बजे उज्जैन के महिदपुर में विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:40 बजे वे उज्जैन से भोपाल लौटेंगे।
जीतू पटवारी आज ग्वालियर में
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी आज तड़के ग्वालियर पहुंचे और ओटीएफ मैराथन के आयोजन में शामिल होंगे। यह मैराथन नीट और सीबीएसई घोटाले के विरोध में आयोजित की जा रही है। ग्वालियर के मेला ग्राउंड से फूलबाग तक होने वाली इस मैराथन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई नेता शिरकत करेंगे।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/jabalpur-mp-cg-top-news-today-live-17-june-2026-mohan-yadav-breaking-update-politics-crime-samachar-aaj-ki-taaza-khabarein-local18-10577691.html