Reels पसंद करने वालों के लिए अच्छी खबर, Instagram ला रहा नया 'Series' फीचर, जानें कैसे करेगा काम

Instagram और Meta एक नए 'Series' फीचर की टेस्टिंग कर रहे हैं, जिसकी मदद से क्रिएटर्स अपनी मिलती-जुलती Reels को एक ही कलेक्शन में जोड़ सकेंगे। इससे यूजर्स किसी क्रिएटर की पूरी वीडियो सीरीज को आसानी से एक जगह देख पाएंगे।

Instagram और Facebook चलाने वाले करोड़ों लोग हर दिन घंटों Reels देखने में बिताते हैं। कुकिंग वीडियो, ट्रैवल व्लॉग, फिटनेस चैलेंज और कॉमेडी जैसे कंटेंट अब सोशल मीडिया का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए Meta एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जो किसी क्रिएटर की पूरी वीडियो सीरीज देखना यूजर्स के लिए कहीं ज्यादा आसान बना सकता है।

क्या है नया 'Series' फीचर

एक रिपोर्ट के अनुसार, Instagram की पैरेंट कंपनी Meta फिलहाल 'Series' नाम के एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रही है। यह फीचर अभी कुछ चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ आजमाया जा रहा है। इसका मकसद उन वीडियो को एक साथ जोड़ना है, जो किसी एक विषय या कहानी से जुड़े होते हैं।

अभी तक क्रिएटर्स को किसी सीरीज से जुड़े वीडियो अलग-अलग Reels के रूप में पोस्ट करने पड़ते हैं। ऐसे में यूजर्स को पूरी कहानी या कोर्स देखने के लिए क्रिएटर की प्रोफाइल खंगालकर पुराने वीडियो ढूंढने पड़ते हैं। नए फीचर के आने के बाद यह झंझट काफी हद तक खत्म हो सकता है।

कैसे आएगा काम

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई क्रिएटर '30 दिन का फिटनेस चैलेंज' चला रहा है या कुकिंग की स्टेप-बाय-स्टेप क्लास दे रहा है, तो वह सभी संबंधित Reels को एक ही सीरीज़ में जोड़ सकेगा। इसके बाद दर्शक एक अलग सीरीज़ पेज पर जाकर पूरी वीडियो कलेक्शन एक ही जगह देख पाएंगे।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि क्रिएटर्स केवल नए वीडियो ही नहीं, बल्कि पहले अपलोड की जा चुकी रील्स को भी सीरीज़ में शामिल कर सकेंगे। इसके अलावा, अगर किसी यूजर की फीड में सीरीज़ का कोई एक रील दिखता है, तो उसे पूरी सीरीज़ देखने का विकल्प भी मिल सकता है, जिससे बाकी एपिसोड अलग से ढूंढने की जरूरत नहीं रहेगी।

Meta की रणनीति का इशारा

कंपनी का यह कदम संकेत देता है कि Meta अब सिर्फ छोटे वीडियो तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी चाहती है कि यूजर्स लंबे समय तक प्लेटफॉर्म से जुड़े रहें और क्रिएटर्स भी अपनी कहानियों व कंटेंट को बेहतर ढंग से पेश कर सकें।

हाल ही में Instagram की वाइस प्रेसिडेंट ऑफ प्रोडक्ट टेसा लायंस ने भी कहा था कि प्लेटफॉर्म क्रिएटर्स की लॉन्ग-फॉर्म कंटेंट रणनीति का अहम हिस्सा बनना चाहता है। ऐसे में सीरीज़ फीचर को शॉर्ट और लॉन्ग-फॉर्म वीडियो कंटेंट के बीच की दूरी कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

अभी जारी है टेस्टिंग

फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग फेज़ में है। हालांकि आने वाले महीनों में इसके सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होने की संभावना है, जिससे Instagram और Facebook पर कंटेंट देखने का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा आसान और व्यवस्थित हो सकता है।

https://hindi.news18.com/news/tech/accessories-instagram-testing-new-series-feature-to-organize-reels-into-collections-10536018.html