'गोविंदा के बाल असली नहीं, लगाते हैं हेयरपैच', सुनीता आहूजा ने खोला पति का राज, बोलीं- कई हीरो करते हैं ऐसा

सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू में बताया कि गोविंदा अब हेयरपैच लगाते हैं और इसमें छिपाने या शर्म जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में कई पुरुष और महिला कलाकार भी यही करते हैं।

62 साल के गोविंदा का हेयरस्टाइल आज भी लगभग वैसा ही नजर आता है, जैसा सालों पहले हुआ करता था। यही वजह है कि उनके घने बालों को लेकर फैंस के बीच अक्सर चर्चा छिड़ी रहती है। लोग हैरान होते हैं कि इस उम्र में भी एक्टर के बाल इतने घने कैसे हैं। अब खुद उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने इस राज से पर्दा हटा दिया है।

अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर सुनीता आहूजा अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। इसी अंदाज की वजह से कई बार ऐसी अफवाहें भी सामने आईं कि गोविंदा और उनके बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। हालांकि विवाद उठने के बाद सुनीता खुद ही उन पर विराम लगा देती हैं। इस बार वह अपने एक नए बयान को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने पति के हेयरस्टाइल और उनके घने बालों के पीछे की सच्चाई पर खुलकर बात की।

हेयरपैच को लेकर क्या बोलीं सुनीता

एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सुनीता आहूजा ने गोविंदा के लुक और समय के साथ उसमें आए बदलावों पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, 'चीची आज भी हैंडसम लगते हैं, लेकिन पहले उनके बाल असली थे। अब वह पैच यानी नकली बाल लगाते हैं।'

सुनीता ने आगे कहा, 'इसमें कोई शर्म वाली बात नहीं है और न ही छिपाने जैसा कुछ है। कई हीरो पैच लगाते हैं। सिर्फ पुरुष ही नहीं, बल्कि कई महिलाएं भी पैच लगाती हैं।' इस दौरान उन्होंने इस ओर भी इशारा किया कि बॉलीवुड में कई एक्टर गंजे हैं।

गोविंदा और सुनीता के रिश्ते की चर्चा

कुछ महीने पहले सुनीता आहूजा ने एक पॉडकास्ट में गोविंदा के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। बातचीत के दौरान उन्होंने एक्टर पर धोखा देने का आरोप भी लगाया था। हालांकि गोविंदा ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए इन्हें झूठा करार दिया था।

सुनीता कई मौकों पर अपने रिश्ते को लेकर बात कर चुकी हैं। उनके मुताबिक, जब वह 15 साल की थीं, तब उन्हें गोविंदा से प्यार हुआ था और अब उनके साथ रहते हुए 43 साल हो चुके हैं।

गोविंदा का फिल्मी सफर

गोविंदा हिंदी सिनेमा में पिछले 40 सालों से सक्रिय हैं। उन्होंने 1986 में फिल्म 'इल्जाम' से डेब्यू किया था और इसके बाद 90 के दशक में ब्लॉकबस्टर फिल्मों की झड़ी लगा दी। एक दौर ऐसा था जब वह इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय और सफल अभिनेताओं में गिने जाते थे।

अपने करियर में उन्होंने 'राजा बाबू', 'कुली नंबर 1', 'साजन चले ससुराल', 'हीरो नंबर 1', 'बड़े मियां छोटे मियां' और 'हसीना मान जाएगी' जैसी कामयाब फिल्में दीं और सालों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। अभिनय के साथ-साथ अपनी अनोखी डांस स्किल्स से भी उन्होंने अलग पहचान बनाई, जिसका जादू आज भी कायम है।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/sunita-ahuja-defends-govinda-over-hair-patch-claims-says-many-actors-do-it-nothing-to-be-ashamed-of-2026-06-16-1225528