अगर आप भी ऐसे लोगों में शामिल हैं जिनका वजन जल्दी नहीं बढ़ता और इस वजह से आप अपने शरीर को लेकर असहज महसूस करते हैं, तो अपनी डाइट में केले को जगह देना फायदेमंद रहेगा। वजन बढ़ाने के लिए केला बेहद असरदार माना जाता है। इसमें कैलोरी, प्राकृतिक शुगर और कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर का वजन नैचुरल तरीके से बढ़ाने में मदद करते हैं। अगर आप रोज़ाना केले का शेक पिएं, तो इससे वजन तेजी से बढ़ सकता है और साथ ही शरीर को कई दूसरे फायदे भी मिलते हैं। आइए जानते हैं कि इसे घर पर कैसे बनाया जाए और इसके अन्य लाभ क्या हैं।
केले का शेक बनाने के लिए जरूरी सामग्री
दो केला, एक गिलास दूध, दो खजूर, चार से पांच बादाम, चार से पांच काजू और एक चम्मच मिक्स सीड्स।
केले का शेक बनाने का तरीका
पहला स्टेप: सबसे पहले दो केलों का छिलका उतारकर उन्हें कई टुकड़ों में काट लें।
दूसरा स्टेप: अब मिक्सर जार में केले के टुकड़े डालें और इसके साथ एक गिलास दूध, दो खजूर, चार से पांच बादाम तथा चार से पांच काजू मिला दें।
तीसरा स्टेप: इसके बाद मिक्सर जार में सभी सामग्री को अच्छी तरह स्मूथ होने तक पीसें। जब एकदम चिकना पेस्ट तैयार हो जाए, तो ग्राइंडर बंद कर दें।
चौथा स्टेप: अब इस शेक को एक गिलास में निकालें और इसमें एक-दो बर्फ के टुकड़े डाल दें।
पांचवां स्टेप: आपका केले का शेक तैयार है। आखिर में ऊपर से एक चम्मच मिक्स सीड्स डालकर इसे पीने के लिए सर्व करें।
केले का शेक पीने के अन्य फायदे
केले का शेक सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ाता, बल्कि इसके और भी कई लाभ हैं। अगर आप सुबह के समय इसे पीते हैं तो पूरे दिन ऊर्जा से भरपूर महसूस करते हैं। इसमें मौजूद खजूर आपको दिनभर एक्टिव बनाए रखता है। केला पोटेशियम से भरपूर होता है, जो मांसपेशियों को मजबूत करने में मदद करता है। इसके अलावा यह शेक पाचन क्षमता को भी बेहतर बनाता है। केले और दूध में मौजूद फाइबर तथा प्रोबायोटिक्स आंतों की सेहत सुधारने में सहायक होते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/if-you-are-struggling-to-gain-weight-add-banana-shake-in-your-diet-weight-will-increase-rapidly-know-how-to-make-2026-06-03-1222737