बहराइच-गोंडा राज्यमार्ग पर फ्लाईओवर बनकर तैयार, 17 जून को लोकार्पण, इसके बाद जनता के लिए खुलेगा

बहराइच-गोंडा राज्य मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग पर बने फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 17 जून को इसका लोकार्पण होगा और ट्रायल के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बहराइच-गोंडा राज्य मार्ग पर बने फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब जल्द ही लोगों की सुविधा के लिए इसे चालू कर दिया जाएगा। यह फ्लाईओवर न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि शहर की खूबसूरती में भी इजाफा करेगा।

चार साल बाद पूरा हुआ निर्माण

जिले में बहराइच-गोंडा राज्य मार्ग पर सम्पार संख्या 40ए पर फ्लाईओवर का काम बीते करीब 4 सालों से चल रहा था। बीच में किसी कारणवश यह काम रुक भी गया था, लेकिन बहराइच सांसद और स्थानीय लोगों के प्रयासों से काम ने दोबारा रफ्तार पकड़ी और अब यह पुल पूरी तरह बनकर तैयार है। जल्द ही इस पर जिले के वाहन फर्राटा भरेंगे और लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

शहर का पहला और सबसे सुंदर फ्लाईओवर

बहराइच-गोंडा राजमार्ग की रेलवे क्रॉसिंग पर बना यह ओवर ब्रिज आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ शहर की सुंदरता में चार चांद लगाएगा। यह बहराइच का पहला और सबसे सुंदर फ्लाईओवर होगा, जिसे कड़ी मेहनत और लंबे समय के बाद करोड़ों की लागत से तैयार किया गया है। यह 2 लेन का रेल उपरिगामी पुल रेलवे लाइन के ऊपर से होकर गुजरता है।

17 जून को होगा भव्य लोकार्पण

इस फ्लाईओवर के बनने से पहले रेलवे क्रॉसिंग के कारण लोगों को ट्रेन के समय रुककर इंतजार करना पड़ता था। कई बार ट्रेन गुजर जाने के बाद भी घंटों तक जाम जैसी स्थिति बनी रहती थी और राहगीरों को खड़ा रहना पड़ता था। बहराइच के सांसद आनंद कुमार गौड़ के अथक प्रयासों के बाद अब यह पुल पूरी तरह तैयार है। 17 जून को खुद सांसद आनंद कुमार गौड़ इसका लोकार्पण कर शुभारंभ करेंगे और ट्रायल पूरा होने के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

दुर्घटनाओं पर भी लगेगी रोक

इस पुल से बहराइच जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोगों को भी राहत मिलेगी। गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती की ओर सफर करने वालों का रास्ता अब और आसान हो जाएगा। साथ ही ट्रेनों के आवागमन में भी कोई बाधा नहीं आएगी। पहले ट्रेन आते-जाते समय जल्दबाजी में लोग कई बार दुर्घटना का शिकार हो जाते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं बनेगी और लोग ऊपर से सुरक्षित सफर करते हुए अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bahraich-bridge-construction-work-on-bahraich-gonda-state-highway-completed-inauguration-june-17-local18-10576953.html