ओटीटी प्लेटफॉर्म आज मनोरंजन का बड़ा जरिया बन चुके हैं। एक्शन हो, थ्रिलर हो या कॉमेडी, हर तरह का कंटेंट यहां आसानी से मिल जाता है। पिछले कुछ समय में दर्शकों के बीच सस्पेंस-थ्रिलर का चलन तेजी से बढ़ा है। ऐसे ही दर्शकों के लिए ओटीटी पर एक बेहतरीन सस्पेंस-थ्रिलर सीरीज मौजूद है, जिसकी कहानी कई मोड़ों और चौंकाने वाले पलों से भरी है। इस सीरीज का नाम 'अयाली' है, जिसमें रहस्य और रोमांच के साथ भरपूर मनोरंजन भी है। तमिल और हिंदी समेत कई भाषाओं में उपलब्ध इस सीरीज में न कोई बड़ा सितारा है, न भव्य सेट और न ही बड़ा बजट, लेकिन इसकी कहानी इतनी दमदार है कि इसे आईएमडीबी पर शानदार रेटिंग मिली है।
क्या है 'अयाली' की कहानी?
इस सीरीज की कहानी के केंद्र में एक स्कूल जाने वाली लड़की सेल्वी और अयाली देवी हैं। पूरी कहानी एक ऐसे गांव पर आधारित है, जो करीब 500 सालों से 'अयाली देवी' की पूजा करता आ रहा है। सेल्वी अपने परिवार के साथ वीरप्पनै नाम के एक रूढ़िवादी गांव में रहती है। इस गांव की परंपरा है कि जैसे ही किसी लड़की को पीरियड्स आने लगते हैं, उसका स्कूल जाना बंद करा दिया जाता है और उसे बड़ी मानकर जल्द से जल्द शादी के बंधन में बांध दिया जाता है। लेकिन सेल्वी के सपने इससे बिल्कुल अलग हैं। वह बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती है और इसके लिए आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती है।
सपने की चाह और भीतर का डर
सेल्वी को हर पल यह डर सताता रहता है कि अगर उसके पीरियड्स शुरू हो गए तो घरवाले उसकी पढ़ाई रोककर शादी करा देंगे। इसी डर के चलते जब सेल्वी के पीरियड्स शुरू होते हैं तो वह यह बात अपने परिवार से छिपा लेती है। मगर किसी तरह उसकी मां को इसकी भनक लग जाती है। सेल्वी बड़ी मुश्किल से अपनी मां को मना लेती है कि वह यह बात किसी को न बताएं। इसी दौरान उसकी जिंदगी में कुछ ऐसी घटनाएं घटती हैं, जिनसे वह और भी आत्मविश्वासी बन जाती है। वह गांव के पुरुषों और यहां तक कि अपने पिता के खिलाफ भी डटकर खड़ी हो जाती है। इसके बाद गांव की महिलाएं एक तरफ और पुरुष दूसरी तरफ हो जाते हैं। मदद की उम्मीद में महिलाएं अयाली देवी की शरण में जाती हैं और देवी उनका साथ देती हैं। इस सीरीज का क्लाइमैक्स इतना दमदार है कि उसे देखने के बाद किसी के भी दिमाग के पुर्जे हिल सकते हैं।
शानदार है आईएमडीबी रेटिंग
'अयाली' को आईएमडीबी पर 8.5 रेटिंग मिली है। इस सीरीज में सेल्वी का किरदार नक्षत्रा ने निभाया है, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। अगर आप यह सीरीज देखना चाहते हैं तो इसे जी5 पर देखा जा सकता है। तमिल और हिंदी के अलावा यह सीरीज कई अन्य भाषाओं में भी ओटीटी पर उपलब्ध है।
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/an-8-episode-series-with-an-8-point-5-rating-on-imdb-ayali-big-story-set-in-small-village-with-mind-blowing-climax-2026-06-03-1222718