हांसी के श्री श्याम मंदिर में मनाए जा रहे 54वें श्री श्याम महोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह से ही शहर में लगातार तेज बारिश हो रही थी, लेकिन श्याम भक्तों का जोश और आस्था बारिश पर भारी पड़ गई। इस यात्रा में 1100 से अधिक महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भागीदारी की। बारिश के बीच भी किसी का कदम नहीं रुका और महिलाएं पूरे श्रद्धा भाव के साथ 'जय श्री श्याम' के जयकारे लगाती हुई यात्रा में शामिल रहीं। समूचे मार्ग पर भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।
एक ही रंग की साड़ियों में सजी महिलाएं
यात्रा का एक विशेष आकर्षण यह रहा कि इसमें शामिल सभी महिलाएं एक ही रंग की साड़ियों में सुसज्जित नजर आईं। एक जैसी वेशभूषा में निकली महिलाओं की यह भव्य यात्रा श्रद्धा, एकता और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रही थी। बारिश की फुहारों के बीच सिर पर कलश थामे चल रही महिलाओं का दृश्य हर किसी को भावुक कर रहा था।
यात्रा के दौरान पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया और भक्तों के जयकारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा।
श्रद्धालुओं में उमड़ा उत्साह
श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि 54वें श्री श्याम महोत्सव के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। कलश यात्रा के सफल आयोजन के साथ महोत्सव की भव्यता और भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा।
बुधवार को निकलेगी निशान यात्रा
जगदीश मित्तल ने जानकारी दी कि 14 जून को अखंड ज्योत प्रज्वलित करने के साथ ही 54वें श्री श्याम महोत्सव की शुरुआत हो गई थी। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह निशान यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 18 जून को शहर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी, जिसमें इस्कॉन बहादुरगढ़, रोहतक और हिसार के भक्त हरिराम नगर संकीर्तन करेंगे।
श्री श्याम जागरण का आयोजन
कार्यक्रम के अनुसार 19 जून को श्री श्याम रथ सवारी निकाली जाएगी। रथ सवारी के दौरान मंदिर प्रांगण से तोरणद्वार तक भव्य इलेक्ट्रिक आतिशबाजी की जाएगी। इसके बाद 20 जून को पीसीएसडी स्कूल के प्रांगण में विशाल श्री श्याम जागरण का आयोजन होगा। इस जागरण में कलकत्ता से सौरभ शर्मा, जयपुर से रजनी राजस्थानी व अभिषेक नामा तथा दिल्ली से श्रेष्ठ दीक्षित बाबा का गुणगान करेंगे। वहीं 21 जून को आयोजित 'एक शाम सांवरे के नाम' कार्यक्रम में सुश्री निकुंज कामरा अपने भजनों से भक्तों को सराबोर करेंगी।
https://hindi.news18.com/news/haryana/hisar-grand-kalash-yatra-marking-54th-festival-of-shri-shyam-mandir-hansi-local18-10576725.html