उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। खोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
चार महीने पहले टूटा था आरोपी का रिश्ता
यह घटना खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर वाल्मीकि चौक की बताई जा रही है। घायल युवतियों की पहचान 20 वर्षीय खुशी और उसकी छोटी बहन 18 वर्षीय निधि के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा (बारादरी) निवासी आरोपी जॉनी के साथ खुशी का रिश्ता करीब डेढ़ साल पहले तय हुआ था। हालांकि जॉनी की कुछ गलत आदतों और हरकतों को देखते हुए परिवार ने करीब चार महीने पहले यह रिश्ता तोड़ दिया था। इसी से नाराज होकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।
छज्जे के रास्ते घर में दाखिल हुआ युवक
चश्मदीदों और पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी जॉनी घटना से पहले करीब आधे घंटे तक गली में चक्कर लगाता रहा। इसके बाद वह पड़ोसी की छत के सहारे घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। जॉनी के हाथ में बंदूक देखकर दोनों बहनें घबरा गईं और उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। लेकिन आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़ दिया और दरवाजे को रोकने के लिए रखे गए फ्रिज को हटाकर जबरन भीतर घुसने की कोशिश की। इसके बाद उसने दोनों बहनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में खुशी को चार गोलियां लगीं, जबकि छोटी बहन निधि के मुंह पर एक गोली लगी।
अस्पताल में भर्ती हुईं दोनों बहनें
गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग जमा हुए, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों बहनों को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गाजियाबाद ट्रांस हिंडन जोन के डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी युवक जॉनी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शादी का रिश्ता टूटने से बेहद नाराज था और इसी गुस्से में आकर उसने यह वारदात की। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/shocking-incident-in-ghaziabad-khoda-young-man-shoots-two-sisters-after-relationship-ends-2026-06-16-1225493