रिलीज से पहले ही 'पेड्डी' ने बटोरी सुर्खियां, राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म तगड़ी कमाई को तैयार

राम चरण और जाह्नवी कपूर अभिनीत स्पोर्ट्स ड्रामा 'पेड्डी' 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और रिलीज से पहले ही फिल्म एडवांस बुकिंग में 14 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा चुकी है।

राम चरण और जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' की रिलीज में अब चंद घंटे ही शेष बचे हैं और दर्शकों का उत्साह चरम पर है। गांव की पृष्ठभूमि पर रची-बसी यह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म कई परतों वाली कहानी समेटे हुए है, जिसमें राम चरण एक खिलाड़ी की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू ने किया है। 'पेड्डी' 4 जून को बड़े पर्दे पर पहुंचेगी, जबकि इससे एक दिन पहले यानी आज इसका खास पेड प्रिव्यू भी आयोजित किया जा रहा है। हालांकि यह पेड प्रिव्यू सिर्फ कुछ ही जगहों तक सीमित है। राम चरण के दमदार ट्रांसफॉर्मेशन के चलते फिल्म को खासा ध्यान मिल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि भारत के साथ-साथ विदेश में भी इसे अच्छे दर्शक मिलेंगे। फिल्म का प्रमोशनल कैंपेन भी बेहद सटीक रहा है।

रिलीज से पहले की एडवांस कमाई

सैक्निल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ग्रैंड ओपनिंग की ओर बढ़ती दिख रही है। ब्लॉक सीट के साथ 'पेड्डी' रिलीज से पहले ही 14 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, जबकि अब तक के ग्रॉस आंकड़े करीब 8.71 करोड़ बताए जा रहे हैं। फिल्म की कुल 361184 टिकटें बिक चुकी हैं और पहले दिन के लिए 5731 शोज तय किए गए हैं। यह एक पैन इंडिया रिलीज है और इसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी तथा मलयालम समेत पांच भाषाओं में पेश किया जा रहा है। सामने आई रिपोर्ट के अनुसार फिल्म को सबसे अधिक दर्शक तेलुगु भाषा में मिलने वाले हैं। अब तक अकेले तेलुगु भाषा में 349654 टिकटें बिक चुकी हैं, जिनसे करीब 8.5 करोड़ की कमाई हुई है। इसके बाद दूसरे स्थान पर तमिल और फिर हिंदी भाषा के दर्शक हैं, जबकि कन्नड़ और मलयालम में फिल्म खास कमाल करती नहीं दिख रही।

राम चरण के स्टारडम का असर

तेलुगु भाषा में इतनी बड़ी संख्या में टिकट बिकने की सीधी वजह राम चरण हैं। तेलुगु बेल्ट में उन्हें सुपरस्टार के रूप में देखा जाता है, हालांकि इस क्षेत्र के बाहर उनका स्टारडम उतना असर डालता नहीं दिख रहा। राज्यवार बात करें तो फिल्म को सबसे ज्यादा दर्शक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से मिलने की उम्मीद है। वहीं जाह्नवी कपूर की मौजूदगी का खास फायदा फिल्म को मिलता नजर नहीं आ रहा। बॉलीवुड अभिनेत्री होने के बावजूद वे हिंदी बेल्ट के दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पा रही हैं। राम चरण के लिए 'पेड्डी' बेहद अहम फिल्म है और इसकी सफलता उनके लिए आगे कई रास्ते खोल सकती है। 'आरआरआर' की कामयाबी के बाद से उन्होंने कोई सुपरहिट फिल्म नहीं दी है, ऐसे में अगर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाती है तो वे एक सोलो बॉक्स ऑफिस गेम चेंजर के रूप में उभर सकते हैं।

किरदार के लिए राम चरण की कड़ी मेहनत

बताया जा रहा है कि 'पेड्डी' में राम चरण का किरदार बेहद रग्ड और चुनौतीपूर्ण है। फिल्म में राम चरण के अलावा जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंद शर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं। प्रमोशन के दौरान खुद राम चरण ने इसे फिजिकली डिमांडिंग रोल बताया और कहा कि इसके लिए उन्होंने महीनों कड़ी मेहनत की। भाषा से लेकर हेवी वर्कआउट तक, इस किरदार के लिए उन्होंने काफी कुछ किया है। फिलहाल कई ट्रेड एनालिस्ट की नजरें फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/peddi-advance-booking-peddi-picks-up-momentum-before-release-ram-charan-janhvi-kapoor-film-set-for-blockbuster-earnings-2026-06-03-1222777