दिल्ली में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी-आपराधिक गिरोह नाकाम, सात आरोपी गिरफ्तार, NCR में रची जा रही थी बड़ी साजिश

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान से संचालित आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को दबोचा है। आरोपियों के पास से पांच पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो बरामद हुई।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान से चलाए जा रहे एक बड़े आतंकी और आपराधिक गिरोह का भांडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान में मौजूद शाहजाद भट्टी और उसके साथी अजमल गुज्जर के इशारे पर काम कर रहा था। जांच में पता चला है कि यह गिरोह पंजाब के रास्ते पाकिस्तान से अवैध हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थ मंगवाता था और फिर इन्हें दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था।

युवाओं को इस तरह जाल में फंसाया जाता था

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। स्पेशल सेल के अनुसार, गिरोह सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर युवाओं को निशाना बनाता था। उन्हें कम समय में मोटी कमाई और अपराध की दुनिया की चमक-दमक का लालच देकर अपने साथ जोड़ा जाता था और फिर हथियारों तथा नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे कामों में झोंक दिया जाता था।

बड़ी आतंकी वारदातों की रची जा रही थी साजिश

पुलिस को मई 2026 में जानकारी मिली थी कि शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर दिल्ली-एनसीआर में कुछ बड़ी आपराधिक और आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर शुरू हुई पड़ताल के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मोहित उर्फ योगी को दबोचा। उसके पास से अवैध हथियार मिले और पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के साथ उसके संपर्क के पुख्ता सबूत भी हाथ लगे।

एनसीआर के संवेदनशील ठिकानों की हो रही थी रेकी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के कई संवेदनशील व अहम स्थानों की रेकी कर रहे थे। इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजे जा रहे थे। पुलिस का मानना है कि सही समय पर की गई कार्रवाई से कई संभावित आतंकी साजिशों को नाकाम कर दिया गया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप पंजाब से उठाकर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाते थे।

आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना

पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े फरार आरोपियों, हथियार सप्लायरों और फंडिंग करने वालों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े राज खुल सकते हैं।

https://www.indiatv.in/delhi/delhi-police-busted-pakistan-backed-terror-network-7-arrested-illegal-weapons-ammunition-and-drugs-were-being-supplied-across-delhi-ncr-2026-06-16-1225473