59 की उम्र में तीसरी शादी की तैयारी में आमिर खान? गौरी स्प्रैट संग बंधेंगे शादी के बंधन में, सामने आई तारीख

खबरों के मुताबिक आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी रचाने जा रहे हैं और इसकी तारीख भी सामने आ गई है।

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एक्टर अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट को जीवनसाथी बनाने के लिए तैयार हैं और यह उनकी तीसरी शादी होगी। खास बात यह है कि इस शादी की संभावित तारीख भी अब सामने आ चुकी है।

आमिर खान बीते कुछ समय से अपनी फिल्मों के बजाय अपने पर्सनल जीवन को लेकर ज्यादा सुर्खियां बटोर रहे हैं। पिछले साल एक्टर ने दुनिया के सामने स्वीकार किया था कि वे एक बार फिर प्यार में हैं और अपने जीवन में आई तीसरी महिला के बारे में खुलकर बात की थी। अपने जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने मीडिया से गौरी स्प्रैट को अपनी गर्लफ्रेंड के तौर पर परिचित कराया था। इसके बाद से दोनों फिल्म प्रमोशन हो या पारिवारिक समारोह, हर मौके पर साथ नजर आने लगे।

अब चर्चा है कि आमिर अपनी पार्टनर के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि एक्टर की ओर से इसका कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने अपनी शादी की तारीख तय कर ली है और अब अपने रिश्ते को शादी का नाम देना चाहते हैं।

कब होगी आमिर और गौरी की शादी?

सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार आमिर खान 5 जुलाई को शादी करने जा रहे हैं। गौरी आमिर खान से 14 साल छोटी हैं और एक बच्चे की मां भी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने रजिस्टर्ड शादी करने का फैसला किया है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक दोनों अब अपने रिश्ते को शादी का रूप देना चाहते हैं। एक करीबी ने बताया, 'दोनों इस वक्त एक सुरक्षित और स्थिर मुकाम पर हैं और अपने बॉन्ड को सेलिब्रेट करना चाहते हैं। शादी की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जिसमें परिवार के लोगों के साथ करीबी दोस्त शामिल होंगे।'

अब तक तय नहीं हुई गेस्ट लिस्ट

रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी का आयोजन आमिर खान के घर पर ही किया जाएगा। फिलहाल कोई बड़ा जश्न प्लान नहीं किया गया है और मेहमानों की सूची भी आधिकारिक तौर पर अभी तय नहीं हुई है। इंडस्ट्री में यह भी चर्चा है कि उनकी शादी में शाहरुख खान और सलमान खान शिरकत कर सकते हैं।

आमिर और गौरी के रिश्ते की बात करें तो एक्टर पहले भी कई बार कह चुके हैं कि दोनों एक-दूसरे के काफी करीब हैं और एक ही छत के नीचे लिव इन में रह रहे हैं। आमिर ने यह भी कहा था कि उन्हें इस रिश्ते को नाम देने के लिए शादी की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे अपने मन में पहले से ही खुद को शादीशुदा मानते हैं।

आमिर खान की पहली दो शादियां

आमिर खान की पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जबकि दूसरी शादी उन्होंने 2005 में किरण राव से की थी। दोनों रिश्तों में उन्होंने एक दशक से ज्यादा का लंबा समय बिताया और बाद में अलग होने का फैसला लिया। पहली शादी से उनके दो बच्चे हैं, जुनैद खान और आयरा खान, वहीं दूसरी शादी से एक बेटा आजाद खान है।

कौन हैं गौरी स्प्रैट?

गौरी को पहली बार परिचित कराते हुए आमिर खान ने बताया था कि वे उन्हें 20 सालों से जानते हैं, लेकिन उनका रिश्ता पिछले दो सालों में ही बना है। गौरी कुछ समय आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस से भी जुड़ी रहीं। वे मूल रूप से बैंगलोर की रहने वाली हैं और अपनी पिछली शादी से उनका एक सात साल का बेटा है।

गौरी, फिलिप स्प्रैट की पोती हैं, जो ब्रिटेन में पैदा हुए एक कम्युनिस्ट थे। फिलिप स्प्रैट 1920 में भारत आए और देश के स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा भी बने। आमिर ने यह भी बताया था कि गौरी और उनके रिश्ते को परिवार की मंजूरी मिल चुकी है।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/aamir-khan-set-to-marry-for-third-time-at-age-of-59-will-become-gauri-spratt-groom-wedding-date-revealed-2026-06-03-1222784