साइबर हब कॉमेडी शो विवाद: कॉमेडियन प्राणित मोरे पर केस दर्ज, पुलिस भेजेगी पूछताछ का नोटिस

गुरुग्राम के साइबर हब में 12 अप्रैल को हुए कॉमेडी शो में महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन प्राणित मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ डीएलएफ फेज-2 थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।

गुरुग्राम के साइबर हब में हुए एक कॉमेडी शो को लेकर खड़ा हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन प्राणित मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ डीएलएफ फेज-2 थाने में मामला दर्ज कर लिया है। यह मुकदमा राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष की शिकायत के आधार पर लिखा गया है।

12 अप्रैल को साइबर हब में आयोजित इस कॉमेडी शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हंगामा मच गया था। शो के दौरान महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों पर लोगों में नाराजगी फैल गई। महिला आयोग ने दो टूक कहा है कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला

यह विवाद प्राणित मोरे के एक लाइव शो के दौरान का है। दर्शकों के बीच बैठे 22 साल के हिमांशु जांगड़ा नाम के युवक ने अपनी डेटिंग लाइफ से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। युवक ने बताया कि उसने एक लड़की को ₹370 की चिकन बिरयानी खिलाई थी। डेट के बाद जब लड़की ने घर जाने की बात कही तो युवक ने मंच पर माइक संभालते हुए कुछ आपत्तिजनक शब्द कह दिए।

इस विवादित बयान पर प्राणित मोरे जोर-जोर से हंसने लगे। उन्होंने इसे ‘पीक गुड़गांव कंटेंट’ करार दिया और युवक को उसकी कहानी सुनाने के लिए 5000 रुपये का इनाम तक दे दिया।

कॉमेडियन ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद प्राणित मोरे ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी। उन्होंने एक वीडियो साझा कर अपनी गलती स्वीकार की और लोगों के गुस्से को पूरी तरह जायज ठहराया। मोरे ने माना कि शो के दौरान उनके निर्णय में बड़ी चूक हुई।

मैं बहक गया था, मुझसे बड़ी गलती हो गई। प्लीज मुझे एक मौका दें।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ जो भी कानूनी कार्रवाई हो रही है, उसमें वे पुलिस और अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं और उनकी एकमात्र गुजारिश यही है कि उन्हें एक मौका दिया जाए।

पुलिस की अगली कार्रवाई

गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को जल्द ही पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/haryana/gurgaon-comedy-controversy-case-filed-dlf-phase-2-pranit-more-himanshu-jangra-local18-10576532.html