क्रिस्पी आलू कोलीवाड़ा: एक बार चखेंगे तो बार-बार बनाने को जी चाहेगा, यहां देखें आसान रेसिपी

मुंबई की मशहूर स्ट्रीट डिश आलू कोलीवाड़ा बेहद कम समय में घर पर तैयार हो जाती है। जानिए कुरकुरे और चटपटे आलू कोलीवाड़ा बनाने की पूरी विधि और जरूरी सामग्री।

अगर आपने अब तक आलू कोलीवाड़ा का स्वाद नहीं चखा है, तो एक बार जरूर ट्राई कीजिए। मुंबई की गलियों में मिलने वाला यह कुरकुरा स्ट्रीट फूड लोगों की पसंदीदा डिश है और इसे बनाने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगता। आइए जानते हैं स्ट्रीट स्टाइल वाले चटपटे आलू कोलीवाड़ा को घर पर बनाने का आसान तरीका।

आलू कोलीवाड़ा के लिए जरूरी सामग्री

आलू 6-7, नमक एक बड़ी चुटकी, तेल 2 बड़े चम्मच, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर 1 बड़े चम्मच, धनिया पाउडर 1 छोटा चम्मच, गरम मसाला आधा छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर एक छोटा चम्मच, जीरा पाउडर आधा छोटा चम्मच, चाट मसाला आधा छोटा चम्मच, सूखा अमचूर पाउडर एक छोटा चम्मच, काला नमक आधा छोटा चम्मच, हींग आधा छोटा चम्मच, अजवाइन आधा छोटा चम्मच, काली मिर्च पाउडर एक बड़ी चुटकी, अदरक लहसुन मिर्च की पेस्ट दो बड़े चम्मच, दही दो बड़े चम्मच, नींबू का रस, स्वादानुसार नमक, बेकिंग सोडा एक बड़ी चुटकी, बेसन दो बड़े चम्मच और कॉर्न फ्लोर 3 बड़े चम्मच।

आलू कोलीवाड़ा बनाने की विधि

  • सबसे पहले सभी आलू को छील लें। एक आलू को बीच से आधा काटें और फिर हर आधे हिस्से को दो टुकड़ों में काट लें। इसी तरह सारे आलू काटकर तैयार कर लें। अब गैस जलाकर इन कटे हुए आलुओं को उबलते पानी में एक चुटकी नमक डालकर 5 मिनट तक उबालें। ध्यान रहे कि आलू पूरी तरह न पकें, इन्हें सिर्फ 70 प्रतिशत तक ही पकाना है। उबलने के बाद इन्हें एक बर्तन में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।

  • अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल में कोलीवाड़ा की कोटिंग तैयार करें। इसमें तेल, सभी पाउडर मसाले, अदरक-लहसुन का पेस्ट, फेंटा हुआ दही, नींबू का रस, बेकिंग सोडा, बेसन और कॉर्न फ्लोर डाल दें। इन सबको अच्छी तरह मिलाकर बिना गुठलियों वाला चिकना पेस्ट बना लें। इसके बाद सभी आलू को इस कोटिंग में डालकर अच्छी तरह लपेट लें, ताकि हर आलू पर एक जैसी पतली परत चढ़ जाए।

  • अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और कोटिंग किए हुए आलू उसमें डाल दें। पहले एक मिनट तक इन्हें बिना हिलाए तलने दें ताकि कोटिंग अच्छी तरह सेट हो जाए। इसके बाद मीडियम-धीमी आंच पर इन्हें कुरकुरा होने तक चलाते हुए तलें।

  • तले हुए आलू को छलनी में निकाल लें ताकि उनका अतिरिक्त तेल निकल जाए। इसी तरीके से बाकी सभी आलू भी तल लें। आपके सुपर-क्रिस्पी और चटपटे आलू कोलीवाड़ा तैयार हैं। इन पर नींबू निचोड़कर और चाट मसाला छिड़ककर अपनी पसंदीदा चटनी के साथ गरमागरम परोसें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/have-you-ever-tried-crispy-aloo-koliwada-once-you-taste-you-wll-make-it-again-note-recipe-2026-06-16-1225406